
मध्य प्रदेश के इंदौर से एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है, यहां प्रॉपर्टी कारोबारी की संदिग्ध परिस्थितियों में होटल की बालकनी से गिरने मौत हो गई. घटना से एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें प्रॉपर्टी डीलर बालकनी गिरते हुए दिखाई दिया है. वहीं, घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची, पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है. वहीं, इस घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है.
जानकारी के मुताबिक, यह मामला इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र से सामने आया है. यहां अरविंदो अस्पताल के पास स्थित एक होटल से प्रॉपर्टी कारोबारी जीतू साहू की संदिग्ध परिस्थितियों में गिरने से मौत हो गई. पुलिस ने बताया कि कारोबारी का शव होटल के नीचे मिला, जबकि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह होटल की बालकनी से गिरा था. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें जीतू साहू बालकनी से नीचे गिरते हुए दिखाई दे रहा हैं.
जीतू के अलावा कमरे में थे 5 अन्य लोग
पुलिस के मुताबिक, घटना के समय होटल के कमरे में जीतू साहू के साथ चार युवक और एक युवती मौजूद थी. घटना के बाद से कमरे में मौजूद लोगों की तलाश की जा रही है, साथ ही पुलिस उनसे पूछताछ की तैयारी में जुटी है. बताया जा रहा है कि मृतक पिछले 20 दिनों से इसी होटल में रुका हुआ था. सूत्रों के मुताबिक, जीतू साहू करोड़ों रुपये के लेनदेन से जुड़े विवाद में भी उलझा हुआ था.
हत्या या आत्महत्या के एंगल से पुलिस कर रही जांच
फिलहाल, पुलिस हत्या या आत्महत्या दोनों ही पहलुओं पर जांच कर रही है. घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और होटल के रिकॉर्ड की जांच की जा रही है. पुलिस का मानना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद मौत के कारणों का पता चल पाएगा. मामले में हर पहलू पर बारीकी से जांच की जा रही है.