

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से जुड़े एक AI वीडियो को लेकर भाजपा बैकफुट पर आ गई है. हंगामे और सियासी बवाल के बाद भारतीय जनता पार्टी ने वो वीडियो हटा लिया है, जिसमें पंजाब के सीएम मान को एक स्कूल के क्लासरूम में थप्पड़ मारते हुए दिखाया गया था. वीडियो पंजाब में शिक्षा व्यवस्था को लेकर था, जिसके जरिए भाजपा ने आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार के शिक्षा मॉडल पर सवाल खड़े किए थे. हालांकि, अब भाजपा के द्वारा शेयर किया गया एआई वीडियो उल्टा पड़ गया है.
शिक्षा व्यवस्था को लेकर विपक्ष हमलावर
दरअसल, बीते कुछ समय से पंजाब में विपक्षी दल स्कूल और शिक्षा से जुड़े मुद्दे पर आम आदमी पार्टी सरकार पर हमलावर हैं. बीजेपी से लेकर अन्य दल लगातार पंजाब सरकार को शिक्षा के मुद्दे पर घेर रहे हैं. इसी बीच भाजपा ने भी पंजाब सरकार को शिक्षा व्यवस्था को लेकर घेरने की कोशिश की. इसी को लेकर पंजाब भाजपा ने 29 अगस्त को करीब 50 सेकेंड का एक एआई वीडियो जारी किया था. वो वीडियो पंजाब के शिक्षा मॉडल को लेकर था.
पोस्टर पर लिखी गलत स्पेलिंग
वीडियो दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस स्कूल में क्लासरूम के बाहर दिखाया गया. वहीं, अंदर क्लासरूम में एक पोस्टर लगा हुआ, जिसमें अंग्रेजी के कुछ वर्ड्स की गलत स्पेलिंग लिखी हुई थी.
भगवंत मान को थप्पड़ मारते दिखाया
इसके बाद वीडियो में मुख्यमंत्री भगवतं मान, अरविंद केजरीवाल और हरजोत क्लासरूम में अंदर गए. वीडियो में दिखाया गया, “इसी बीच एक शख्स क्लासरूम में आया और सीएम भगवंत मान को थप्पड़ मार देता है.”
शख्स ने सवाल उठाते हुए कहता है कि मेरे बच्चे को गलत पढ़ाया जा रहा है. कल ये परीक्षा में भी गलत लिखेगा तो इसका जिम्मेदार कौन होगा, मेरा बच्चा या आपकी सरकार? एआई वीडियो के जरिए भाजपा ने कहा कि सवाल स्पेलिंग का नहीं, बच्चों के भविष्य का है.
AAP के कड़े तेवर के बाद बैकफुट पर भाजपा
भगवंत मान से जुड़े भाजपा के इस एआई वीडियो पर आम आदमी पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी. आप (AAP) ने कहा कि भगवंत मान को पंजाब की जनता ने चुना है. बीजेपी का यह कृत्य निंदनीय है. आम आदमी पार्टी ने भाजपा के इस वीडियो को लेकर कानूनी कार्रवाई करने की बात कही थी. इसके बाद अब भाजपा बैकफुट पर आ गई और वीडियो को हटा दिया है.
यह भी पढे़ं-
पंजाब में स्कूल टीचरों की सैलरी में 120% का इजाफा, चुनाव से पहले भगवंत मान का बड़ा फैसला
‘इलाज ही नहीं, सेहत का हाल भी पूछा’ : पंजाब मुख्यमंत्री सेहत योजना के लाभार्थियों ने बताई खासियत





