मध्य प्रदेश

Datia By-Poll: कांग्रेस नेता जीतू पटवारी की सभा में पहुंचे भाजपा उम्मीदवार, मंच से बोले- BJP को दें आशीर्वाद


मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के बीच रविवार (19 जुलाई) को चिरूला गांव में ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने चुनावी माहौल में अलग ही रंग भर दिया. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे थे. इसी दौरान भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी भी गांव में जनसंपर्क कर रहे थे.

जब आशुतोष तिवारी दूर से ही जीतू पटवारी को नमस्ते करते हुए आगे बढ़ने लगे तो जीतू पटवारी ने उन्हें आवाज लगाकर कहा, “पास आकर मिलो न. इतनी दूर से क्यों जा रहे हो यार. ऐसे नहीं चलेगा.” इसके बाद आशुतोष तिवारी मंच के पास पहुंचे.

पास आने पर जीतू पटवारी ने कहा, “एक तो आप पहली बार आए हो यहां, चुनाव लड़ने के लिए. इससे पहले तो आए नहीं. फिर भी दूर-दूर से जाओगे तो कैसे चलेगा?”

केन-बेतवा के आंदोलनकारी बोले- अनशन नहीं तोड़ेंगे, बोतल नहीं लगाएंगे, पानी, नींबू पानी पिएंगे

माइक लेकर बीजेपी के लिए मांगा आशीर्वाद

इसी दौरान आशुतोष तिवारी ने जीतू पटवारी के हाथ से माइक लिया और मौजूद लोगों से कहा, “हमारी विचारधारा अलग-अलग है, लेकिन हमारे परिवार के रिश्ते हैं. बहुत पुराने रिश्ते हैं. आप सबसे मैं प्रार्थना करता हूं कि आपका आशीर्वाद भारतीय जनता पार्टी को मिले. सिर झुकाकर के आपके आशीर्वाद की अपेक्षा करता हूं.” इसके बाद जीतू पटवारी ने माइक वापस लेते हुए कहा, “एक मिनट आशुतोष जी, आपका अधिकार है, आशीर्वाद मांगना.”

जाते-जाते भी हुई हल्की नोकझोंक

जब आशुतोष तिवारी वहां से जाने लगे तो जीतू पटवारी ने उन्हें रोकते हुए कहा, “मैंने यहां सबसे पूछा कि इससे पहले आशुतोष जी को कभी देखा तो एक भी हाथ नहीं उठा.” इस पर आशुतोष तिवारी ने जवाब दिया, “सबको जानकारी है, यहीं का रहने वाला हूं, यहीं घर है. बचपन से यहीं हूं.” इतना कहकर वे वहां से आगे बढ़ गए.

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. लोग इसे चुनावी सौहार्द का उदाहरण बता रहे हैं, तो कई इसे चुनाव प्रचार का अनोखा पल मान रहे हैं.

गौरतलब है कि दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस ने कुंवर घनश्याम सिंह को मैदान में उतारा है. उनके समर्थन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी समेत कई वरिष्ठ नेता प्रचार कर रहे हैं.

कटनी के सरस्वाही छात्रावास में दूषित पानी और नाश्ते से बिगड़ी 9 छात्राओं की तबीयत, 3 की हालत गंभीर

वहीं भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के पक्ष में भी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी लगातार जनसंपर्क और सभाएं कर रहे हैं. चुनावी मुकाबले के बीच कांग्रेस की सभा में भाजपा प्रत्याशी का पहुंचना और मंच से अपनी पार्टी के लिए वोट मांगना पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है.





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button