
मध्य प्रदेश के इंदौर से एक बेहद चौंकाने वाला और खौफनाक मामला सामने आया है. शहर के खुड़ैल थाना क्षेत्र में वाहनों की मामूली टक्कर को लेकर दो पक्षों के बीच ऐसा खूनी संघर्ष हुआ कि बदमाशों ने एक युवक का अपहरण करने की कोशिश की. मारपीट के दौरान गुंडों ने एक युवक को जबरन अपनी कार की डिक्की (बूट स्पेस) में ठूंसकर बंद कर दिया. इस पूरी दिल दहला देने वाली घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
ग्रामीण डीएसपी (DSP) उमाकांत चौधरी के अनुसार, यह पूरी घटना इंडेक्स मेडिकल कॉलेज के सामने स्थित एक कार वॉशिंग शॉप की है. यहाँ इंडेक्स मेडिकल कॉलेज के एक पीजी डॉक्टर (PG Doctor) और कार वॉश कराने आए 3-4 अन्य युवकों के बीच वाहनों की टक्कर को लेकर कहासुनी हो गई थी. बात इतनी बिगड़ गई कि दोनों पक्षों ने फोन करके अपने-अपने साथियों और समर्थकों को मौके पर बुला लिया. देखते ही देखते यह विवाद हिंसक झड़प में बदल गया और दोनों ओर से जमकर मारपीट हुई. इस दौरान जान से मारने की धमकियां भी दी गईं.
डिक्की में बंद करने का वीडियो आया सामने
मामले की जांच के दौरान पुलिस के हाथ एक वीडियो लगा है, जिसने घटना की गंभीरता को और बढ़ा दिया है. इस वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि मारपीट के दौरान कुछ युवक गुंडागर्दी करते हुए एक व्यक्ति को जबरन खींचते हैं और उसे अपनी कार की डिक्की में डालकर बंद कर देते हैं. पुलिस ने इस वीडियो को अपनी विवेचना (जांच) का मुख्य हिस्सा बना लिया है.
पुलिस का एक्शन: अब जुड़ेंगी अपहरण की धाराएं
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर इस पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है. पुलिस के मुताबिक, घटना के वक्त दोनों पक्ष एक-दूसरे से पूरी तरह अपरिचित थे, इसलिए शुरुआत में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज की गई थी. अब पुलिस वायरल वीडियो, कार के नंबर, वहां लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें नामजद कर रही है.
डीएसपी ने स्पष्ट किया है कि विवेचना और वीडियो के आधार पर इस मामले में अपहरण (Kidnapping) और अन्य सुसंगत एवं गंभीर धाराएं बढ़ाई जाएंगी. गुंडागर्दी करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
दतिया उपचुनाव: खेत में ट्रैक्टर चलाते नजर आए जीतू पटवारी, किसान के साथ की धान रोपाई की तैयारी
