मध्य प्रदेश

MP में ChatGPT से सामूहिक नकल, यूनिवर्सिटी ने रोका रिजल्ट


मध्य प्रदेश में ग्रुप में नकल करने का बेहद ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है. सागर के डॉ. हरिसिंह गौर सेंट्रल यूनिवर्सिटी में एग्जाम कॉपी जांचने के दौरान छिंदवाड़ा के प्राइवेट कॉलेज सतपुड़ा इंस्टीट्यूट में चैटजीपीटी (ChatGPT) से सामूहिक नकल का खुलासा हुआ. जिसके बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने कॉलेज के सभी क्लास के रिजल्ट पर रोक लगा दी है. 

इस मामले का खुलासा तब हुआ जब एक छात्र की कॉपी में शिक्षक ने पढ़ा कि पूरे आंसर का वीडियो देखने के लिए लिंक पर क्लिक करें. यह बात पढ़ते ही शिक्षक ने मामले की सूचना एग्जाम कंट्रोलर को दी. इसके बाद कंट्रोलर के आदेश पर जब अन्य स्टूडेंट की कॉपी देखी गई तो ज्यादातर कॉपियों में एक जैसा आंसर लिखा हुआ था. जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई.

कॉपी जांचने के दौरान मिला वीडियो लिंक!

जानकारी के मुताबिक मई महीने में डॉ. हरिसिंह गौर यूनिवर्सिटी सागर और इससे संबद्ध 17 कॉलेज में सेकंड, फोर्थ और सिक्स्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं हुई थीं. पिछले सेमेस्टर से लागू केंद्रीय मूल्यांकन प्रक्रिया के चलते सभी कॉलेजों की कॉपियां जांच के लिए सागर यूनिवर्सिटी भेजी गईं. जहां अर्थशास्त्र विषय की कॉपी जांचने के दौरान एक शिक्षक को कॉपी में वीडियो लिंक देखने वाला वाक्य लिखा मिला. जांच में सामने आया कि यह छात्र छिंदवाड़ा के सौंसर में स्थित सतपुड़ा कॉलेज ऑफ इन्फॉर्मेशन एंड बायोटेक्नोलॉजी का छात्र है. 

ज्यादातर छात्रों ने ChatGPT से दिए आंसर

इसके बाद जब कॉलेज के अन्य स्टूडेंट्स की कॉपी देखी गई तो सामने आया कि ज्यादतर छात्रों ने चैटजीपीटी पर दिए गए उत्तर को मोबाइल से कॉपी करके लिखा है. यह मामला सिर्फ एक विषय का नहीं बल्कि तीन विषयों में इसी तरह की सामूहिक नकल होने की बात सामने आई. जिसके बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने कॉलेज के सभी परीक्षा रिजल्ट पर रोक लगा दी है.

सतपुड़ा कॉलेज के सभी एग्जाम रिजल्ट रोके गए

सामूहिक नकल का मामला सामने आने के बाद सतपुड़ा कॉलेज के सभी एग्जाम रिजल्ट रोके गए, जबकि सागर यूनिवर्सिटी और इससे संबद्ध सभी कॉलेजों के रिजल्ट जारी किए जा चुके हैं. यूनिवर्सिटी प्रशासन का कहना है कि पहले कॉलेज मैनेजमेंट को नोटिस जारी किए जा रहे हैं. जिसके बाद दोबारा परीक्षा या सेंटर बदलने जैसी कार्रवाई की जाएगी.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button