
Sawan, Kanwar Yatra 2026: सावन के पवित्र महीने में देश भर से लाखों श्रद्धालु हरिद्वार, गौमुख या सुल्तानगंज से गंगाजल भरकर भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए कठिन पदयात्रा पर निकलते हैं. हालांकि, हर साल कई भक्त स्वास्थ्य, उम्र या अन्य जिम्मेदारियों के कारण कांवड़ यात्रा पर जाने में असमर्थ होते हैं.
शिव पुराण के अनुसार, भगवान शिव ‘भावप्रिय’ और ‘आशुतोष’ हैं. उन्हें बाह्य आडंबरों के बजाय भक्त का सच्चा भाव और नियमों का निष्ठापूर्वक पालन प्रिय है. आइए जानते हैं कि घर पर रहकर आप कांवड़ यात्रा का पूरा पुण्य कैसे प्राप्त कर सकते हैं.
मानसिक कांवड़ यात्रा
सनातन परंपरा में ‘मानसिक पूजा’ को प्रत्यक्ष पूजा के समान ही फलदायी माना गया है, सावन के दिनों में सुबह स्नान के बाद किसी शांत स्थान पर उत्तर दिशा की ओर मुख करके बैठें. आंखें बंद करके मन ही मन भाव लाएं कि आप पवित्र गंगा तट पर खड़े हैं, वहां से गंगाजल भर रहे हैं और ‘बम बम भोले’ का जाप करते हुए शिव मंदिर की ओर बढ़ रहे हैं. इस ध्यान के दौरान निरंतर ‘ॐ नमः शिवाय’ मंत्र का मानसिक जाप करें. यह संकल्प पदयात्रा जितना ही पुण्य देता है.
घर पर गंगाजल से जलाभिषेक की सही विधि
आपके घर में पहले से पवित्र गंगाजल रखा है, तो जलाभिषेक करते समय इन शास्त्रीय नियमों का ध्यान रखें:
दिशा का चयन: जलाभिषेक करते समय हमेशा उत्तर दिशा की ओर मुख करके बैठें. उत्तर दिशा को भगवान शिव और माता पार्वती का निवास स्थान माना जाता है.
जल अर्पित करने का सही क्रम:
- गणेश जी व कार्तिकेय जी: सीधे शिवलिंग पर जल चढ़ाने से पहले, जल की कुछ बूंदें जलाधारी के दाहिनी ओर (गणेश जी) और बाईं ओर (कार्तिकेय जी) अर्पित करें.
- माता अशोक सुंदरी: इसके बाद जलाधारी के मध्य भाग (अशोक सुंदरी) पर थोड़ा जल अर्पित करें.
- मुख्य जलाभिषेक: अंत में धीमी धार के साथ ‘ॐ नमः शिवाय’ बोलते हुए गंगाजल को सीधे शिवलिंग पर अर्पित करें.
घर पर रहकर पालन करें ये 5 कठोर नियम
घर पर रहकर यात्रा का फल प्राप्त करने के लिए आपको कांवड़ियों जैसे संयम का पालन करना होगा:
सात्विक जीवन: सावन के दौरान लहसुन, प्याज, मांस-मदिरा और हर प्रकार के तामसिक भोजन का त्याग करें.
वाणी पर संयम: किसी की चुगली न करें, क्रोध पर नियंत्रण रखें और हमेशा सत्य बोलें.
कांवड़ियों की सेवा: यदि आपके घर के पास से कांवड़िया गुजर रहे हैं, तो उन्हें जल, फल, भोजन या दवा भेंट करें. शिवभक्तों की सेवा सीधे महादेव तक पहुंचती है.
ब्रह्मचर्य का पालन: अपने विचारों और कर्मों में पूर्ण पवित्रता बनाए रखें.
शाम को आरती व पाठ: प्रतिदिन शाम को घी का दीपक जलाकर रुद्राष्टकम या शिव चालीसा का पाठ करें.
Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि ABPLive.com किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें.
