मध्य प्रदेश

MP में सुगम परिवहन सेवा का आरंभ, CM मोहन यादव बोले- हमारी सरकार जनता हितैषी कार्यों से चलती है


मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जनता की सेवा के संकल्प की पूर्ति का आज एक नया अध्याय लिखा जा रहा है. हमारी सरकार केवल फाइलों से नहीं, बल्कि जनता हितैषी कार्यों से चलती है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प माह मनाया जा रहा है.

आज एकात्म मानववाद के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर 21 साल बाद मध्यप्रदेश में सार्वजनिक परिवहन बस सेवा पुनः शुरू हो रही है. जनता की सेवा के संकल्प की पूर्ति का आज एक नया अध्याय लिखा जा रहा है. मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा और पीएम ई-बस सेवा के माध्यम से प्रदेश के हर नगर और हर जिले तक सार्वजनिक परिवहन की सुविधा चरणबद्ध रूप से पहुंचाई जाएगी.

यह बस सेवा नगरीय निकायों, शहरों के बीच और दूसरे राज्यों तक आने-जाने के लिए सुगम साधन सिद्ध होगी. हमारी सड़क परिवहन सेवाओं का लाभ प्रदेश के दूर-दराज के जनजातीय क्षेत्रों को भी मिलेगा. उन्होंने कहा गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए प्रदेश सरकार ने सेवा का संकल्प लिया है. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के माध्यम से प्रदेश में सड़कों और हाईवे का जाल बिछ रहा है.

आज केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने उन्होंने प्रदेश में जारी केंद्रीय सड़क परियोजनाओं की समीक्षा भी की है. आज ही एक टोल को भी फ्री किया गया है. सीएम डॉ यादव ने कहा प्रदेश की तत्कालीन सरकार ने 21 साल पहले सरकारी बसों के चक्के जाम करने के लिए योजनाबद्ध षड्यंत्र रचा था. एक समय ऐसा था, जब प्रदेश की जनता सड़क, बिजली और पानी के लिए तरस गई थी. चारों तरफ हाहाकार की स्थिति थी.

लोकतंत्र में जनता सब जानती है और जनता सबका हिसाब रखती है. भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में दुनिया ने लोकतंत्र की गरिमा देखी थी. आज के दौर में इलेक्ट्रिक बसें ईंधन की बचत का बेहतर माध्यम हैं. हमारी सरकार केवल फाइलों से नहीं, बल्कि जनता हितैषी कार्यों से चलती है. जब शहर में बस कॉरिडोर परेशानी बनने लगा, तो उसे हटा दिया गया.

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बस स्टैंड, बस स्टॉप और चार्जिंग स्टेशन बनाए गए हैं. इसके साथ ही सुव्यवस्थित नियंत्रण प्रणाली भी लागू की गई है. हमारी सरकार ने भोपाल से यूनियन कार्बाइड के अपशिष्ट का समुचित प्रबंधन और निष्पादन किया है. नक्सलवाद से मुक्त हुए बालाघाट जिले को भी नई सौगात मिलने जा रही है. हमारी सरकार ने प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था और शांति के लिए चुनौती बने सभी संकटों को समाप्त किया है.

प्रदेश की साढ़े 8 करोड़ जनता की आशा और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए सभी मंत्रीगण संकल्प के साथ काम कर रहे हैं. मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा और पीएम ई-बस सेवा के माध्यम से सार्वजनिक परिवहन के एक आधुनिक और यूनिक मॉडल की शुरुआत हो रही है. बसों में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. बसों में पैनिक बटन और इमरजेंसी डोर की सुविधा रहेगी.

जीपीएस मॉनिटरिंग, ऑनलाइन टिकटिंग और शिकायतों के समाधान की व्यवस्था की गई है. बसों की विभिन्न स्तरों पर मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है. बस ड्राइवरों की ट्रेनिंग और सुरक्षा के प्रबंधन भी किए गए हैं. प्रदेश की जनता की सुविधा के लिए सभी 55 जिलों में 3000 से अधिक रूटों का सर्वे कराया गया है. वर्ष 2029 तक सभी रूटों पर बसें दौड़ती नजर आएंगी.

ये बसें प्रमुख शहरों के साथ देश के प्रमुख तीर्थस्थलों और महानगरों तक आवागमन को सुगम बनाएंगी. मध्य प्रदेश सरकार ने बिजली, पानी, सड़क और ग्रामीण इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया है. अब सुगम यातायात की सुविधा का भी विस्तार किया जा रहा है. हमारी सरकार सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है. सभी क्षेत्रों में युवाओं को रोजगार और नौकरी के अवसर दिए जा रहे हैं.

पिछले एक साल में 85 हजार से अधिक शासकीय पदों पर भर्ती की गई है. पुलिस विभाग में 18 हजार पदों पर भर्ती की जा रही है. शिक्षक भर्ती और असिस्टेंट प्रोफेसरों की भर्ती प्रक्रिया भी जारी है. प्रदेश सरकार मौजूदा वर्ष में एक लाख शासकीय पदों पर भर्ती करेगी. किसान कल्याण वर्ष में प्रदेशवासियों को दो नदी जोड़ो परियोजनाओं—केन-बेतवा और पार्वती-कालीसिंध-चंबल की सौगात मिली है.

प्रदेश में गरीब और जरूरतमंद लोगों को एयर एंबुलेंस की सुविधा मिल रही है. गरीब से गरीब व्यक्ति की जान बचाना हमारी सरकार का संकल्प है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button