मध्य प्रदेश

हिमाचल के चंबा में बड़ा हादसा, चट्टान का हिस्सा टाटा सूमो पर गिरा, 13 लोगों की दबकर मौत


हिमाचल प्रदेश में कुदरत का कहर जारी है. शुक्रवार को यहां चंबा जिले के पांगी-उदयपुर सड़क मार्ग पर कडू (काहुडू) नाला के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. दरअसल, यहां पहाड़ी से गिरी विशाल चट्टान का एक हिस्सा गिर गया, जिसकी चपेट में आने से एक सूमो गाड़ी बुरी तरह दुर्घटनाग्रस्त हो गई. इस हादसे में ड्राइवर समेत 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल बताए जा रहे हैं.

जानकारी के अनुसार, सूमो गाड़ी कुल्लू से पांगी की ओर जा रही थी. गाड़ी में चालक सहित कुल 15 लोग सवार थे. इसी दौरान कडू नाला के पास अचानक पहाड़ी से चट्टान गिर गई, जिसकी चपेट में वाहन आ गया और वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

मृतकों में वाहन चालक बीर सिंह भी शामिल हैं. हादसा लाहौल-स्पीति जिले के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में हुआ है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए. घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है. प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य जारी है और मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है.

ये भी पढ़ें: चंबा: भारी बारिश से साच पास मार्ग पर भूस्खलन, पांगी घाटी जाने वाली सड़क पूरी तरह बंद

दरअसल, चंबा जिले की पांगी घाटी को जोड़ने वाला साच पास मार्ग भारी भूस्खलन की चपेट में आ गया है. सतरुंडी और रानीकोट नाले के पास हुए लैंडस्लाइड के कारण पांगी घाटी की ओर जाने वाला मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है, जिससे वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है.

गैर जरूरी यात्रा से बचें- प्रशासन

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम और लगातार हो रही बारिश को देखते हुए बिना आवश्यकता यात्रा न करें. जगह-जगह भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाओं के चलते जान-माल का खतरा बना हुआ है. प्रशासन का कहना है कि केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही सफर करें और मौसम विभाग व प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें.

पांगी घाटी को जोड़ने वाला साच पास मार्ग बंद 

एसडीएम चुराह राजेश कुमार जरियाल ने बताया कि लगातार हो रही भारी बारिश के कारण सतरुंडी नाला और रानीकोट के समीप बड़े पैमाने पर भूस्खलन हुआ है, जिससे पांगी घाटी को जोड़ने वाला साच पास मार्ग बंद हो गया है. सड़क बंद होने के चलते वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है. 

उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग की मशीनें मौके पर भेज दी गई हैं और मार्ग को बहाल करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है. जैसे ही सड़क यातायात के लिए बहाल होगी, लोगों को इसकी सूचना दे दी जाएगी. एसडीएम ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है.

ये भी पढ़ें: Chamba News: भरमौर में गिरते पत्थरों के बीच NHAI टीम बनी फरिश्ता, मासूम को एम्बुलेंस तक पहुंचाया



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button