

भिंडी खाना तो सबको पसंद होता है, पर जैसे ही इसे काटने और पकाने की बारी आती है, तो सारा मजा किरकिरा हो जाता है. प्लेट में आते ही वह एकदम चिपचिपी और आपस में जुड़ी हुई सी लगने लगती है, जिसे देखकर खाने का मन ही नहीं करता. क्या आपके साथ भी ऐसा होता है? अब परेशान होने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. मास्टरशेफ पंकज भदौरिया ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर कुछ ऐसी ट्रिक्स शेयर की हैं, जो आपकी इस समस्या का समाधान कर सकती हैं.
देखें वीडियो…
काटने से पहले पानी को अच्छे से सुखाएं:
सबसे बड़ी गलती हम अक्सर यह करते हैं कि धोने के तुरंत बाद ही भिंडी काटने बैठ जाते हैं. गीली भिंडी में नमी होने की वजह से उसका चिपचिपापन और ज्यादा बाहर आने लगता है. सबसे पहले भिंडी को साफ पानी से धो लें. इसके बाद किसी सूती कपड़े या तौलिये पर फैलाकर उसे अच्छी तरह पोंछ लें, या फिर कुछ देर के लिए पंखे के नीचे छोड़ दें. जब भिंडी बिल्कुल सूखी हो जाए, तभी उसे टुकड़ों में काटें.
कोई खट्टी चीज जरूर मिलाएं:
भिंडी की चिपचिपाहट दूर करने का सबसे बढ़िया तरीका है उसमें कोई खट्टी चीज डालना. आप चाहें तो सब्जी में नींबू का रस, इमली का पानी या फिर अमचूर मिला सकते हैं. खट्टापन मिलते ही उसका चिपचिपा गोंद खत्म होने लगता है और सब्जी खिली-खिली बनती है.
शुरुआत में तेज आंच पर पकाएं:
अगर आप भिंडी को शुरू से ही धीमी आंच पर पकाना शुरू कर देंगे, तो वह भाप की वजह से पानी छोड़ देगी और चिपचिपी हो जाएगी. हमेशा ध्यान रखें कि जब आप कड़ाही में भिंडी डालें, तो गैस की फ्लेम मीडियम या हाई रखें. शुरुआती दो-चार मिनट तेज आंच पर भूनने से उसकी सतह पर एक परत बन जाती है, जिससे उसका अंदरूनी चिपचिपापन बाहर नहीं आ पाता.
तुरंत ढक्कन न लगाएं:
कड़ाही पर बहुत जल्दी ढक्कन रख देने से अंदर भाप बनने लगती है, और वही नमी भिंडी को चिपचिपा बना देती है. बेहतर यही होगा कि आप कुछ देर तक भिंडी को बिना ढके ही पकने दें. जब आपको लगे कि उसका चिपचिपापन कम होने लगा है और वह हल्की सूखने लगी है, तब आप चाहें तो थोड़ी देर के लिए ढक सकती हैं.
बार-बार करछी न चलाएं:
सब्जी को स्वादिष्ट और साबुत रखने के लिए यह बहुत जरूरी है कि आप बार-बार उसमें चम्मच न मारें. बार-बार हिलाने से भिंडी टूट जाती है और उसका अंदरूनी रस बाहर निकलकर पूरी सब्जी को चिपचिपा कर देता है. कड़ाही में मसाले मिलाने के बाद उसे पकने के लिए कुछ देर छोड़ दें, और बीच-बीच में बहुत हल्के हाथ से ही चलाएं.
इसे भी पढ़ें: क्या आपने ट्राई किया ओट्स चीला? वजन घटाने और डायबिटीज मैनेजमेंट के लिए है बेस्ट





