
इंदौर में पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के 15 नवंबर को होने वाले कॉन्सर्ट को लेकर बम धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है. तीन स्कूलों और महापौर सचिवालय को धमकी भरे ई-मेल भेजे गए हैं. मेल में 15 नवंबर को होने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को लेकर बम धमाके की धमकी दी गई है. सूचना मिलते ही पुलिस और बम डिस्पोजल स्क्वॉड सक्रिय हो गए. स्कूलों में बीडीएस की टीम ने जांच की है, वहीं क्राइम ब्रांच ने ई-मेल को तकनीकी जांच में लिया है.
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, शहर के तीन स्कूलों और महापौर सचिवालय को पंजाबी भाषा में ई-मेल भेजकर बम थ्रेट दिया गया है. धमकी की जानकारी मिलते ही पुलिस ने स्कूलों में बम डिस्पोजल स्क्वॉड यानी बीडीएस की टीम से जांच कराई.
क्राइम ब्रांच ने तकनीकी जांच शुरू की
वहीं महापौर सचिवालय को मिले ई-मेल को भी गंभीरता से लेते हुए क्राइम ब्रांच ने तकनीकी जांच शुरू कर दी है. पुलिस अब ई-मेल भेजने वाले की पहचान और धमकी की सत्यता का पता लगाने में जुटी है. तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
पंजाबी भाषा में आया मेल
इस बॉम्ब थ्रेट को लेकर एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को लेकर तीन स्कूलों में बम की धमकी दी गई है. ये मेल पंजाबी भाषा में आए हैं, जिन्हें टेक्निकल एविडेंस के आधार पर जांच के लिए ले लिया गया है. उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में लग रहा है कि ये मेल किसी दूसरे राज्य से कहीं से आया है. इसको लेकर और जानकारी जुटाई जा रही है.
