
कथित वोट चोरी के विरोध में कांग्रेस की ओर से 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली महारैली के लिए हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. प्रदेश से करीब 15 हजार लोगों को दिल्ली ले जाने का लक्ष्य रखा गया है. इसके लिए कांग्रेस ने लगभग 200 बसों और 500 से अधिक अन्य वाहनों की व्यवस्था की है. महारैली से पहले शिमला में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने मीडिया से बातचीत में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई.
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि दिल्ली में होने वाली महारैली लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए आयोजित की जा रही है. उन्होंने कहा कि देश को लंबे संघर्ष के बाद आजादी मिली और कांग्रेस के नेताओं ने लोकतांत्रिक व्यवस्था स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
‘2027 में हिमाचल से कांग्रेस की विदाई तय’, CM सुक्खू पर बरसे जयराम ठाकुर
सीएम सुक्खू ने की ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि आज सत्ता में आने के बाद वोट चोरी की जा रही है. उन्होंने कहा कि मतदान का अधिकार देशवासियों को लंबे संघर्ष के बाद मिला है और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. सुक्खू ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को इसके लिए जिम्मेदार ठहराते हुए उनके इस्तीफे की मांग की.
हिमाचल में की गई थी सरकार गिराने की कोशिश- डिप्टी सीएम
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में देशभर से लोग दिल्ली पहुंच रहे हैं और विभिन्न विपक्षी दल एक मंच पर आकर विरोध दर्ज करवा रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि देश में वोट और सरकारें चोरी की जा रही हैं. हिमाचल प्रदेश भी इसका भुक्तभोगी रहा है. प्रदेश में मिशन लोटस के तहत सरकार गिराने की कोशिश की गई थी, लेकिन जनता की सजगता के चलते यह प्रयास सफल नहीं हो पाया. उन्होंने बताया कि महारैली में प्रदेश के सभी मंत्री, विधायक, पूर्व विधायक और पार्टी पदाधिकारी शामिल होंगे.
असम सीएम हिमंता बिस्वा सरमा के शिमला दौरे पर प्रतिक्रिया
अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा अब इस मुद्दे पर काउंटर करने का प्रयास कर रही है. असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के शिमला दौरे को लेकर उन्होंने कहा कि शिमला पर्यटन स्थल है और यहां कोई भी आ सकता है. उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर राजनीतिक आकाओं के इशारे पर काम करने और वोट चोरी में शामिल होने का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की.
वहीं, पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि देश के युवाओं में वोट चोरी के मुद्दे को लेकर आक्रोश है. उन्होंने कहा कि पहले नीट और अब चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठ रहे हैं. प्रतिभा सिंह ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के कारण करोड़ों लोग अपने मताधिकार से वंचित हुए हैं. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए दिल्ली के रामलीला मैदान में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे.
वाइल्ड फ्लावर हॉल होटल: नीलामी में हिमाचल को मिली रिकॉर्ड तोड़ बोली, पढ़ें डिटेल
