
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सोलन दौरे पर पहुंचे. सोलन में जयराम ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2029 में देश की जनता नरेंद्र मोदी को चौथी बार प्रधानमंत्री बनाएगी, जबकि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में हिमाचल प्रदेश से कांग्रेस की विदाई तय है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस झूठी गारंटियों और लोकलुभावन वादों के सहारे सत्ता में आई थी, जिसका खामियाजा उसे आगामी विधानसभा चुनाव में भुगतना पड़ेगा.
नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंदरोला में नवनिर्वाचित पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह एवं कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व और प्रदेश सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता दिल्ली में बैठकर केंद्र की भाजपा सरकार को गिराने के सपने देख रहे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सत्ता से हटाना उनके बस की बात नहीं है. देश की जनता का विश्वास मोदी के साथ है.
‘जहां हूं खुश हूं’, कांग्रेस नेता ने बताया भावी CM तो बोले विक्रमादित्य सिंह
राहुल गांधी पर जयराम ठाकुर ने साधा निशाना
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस बार-बार अपने नेता को नए रूप में पेश करने की कोशिश कर रही है, लेकिन देश की जनता उन्हें लगातार नकार रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश में अराजकता का माहौल बनाकर सत्ता हासिल करना चाहती है. ईवीएम पर सवाल उठाने वाली कांग्रेस को बैलेट पेपर से हुए एमएलसी चुनावों में भी सफलता नहीं मिली.
‘भाजपा सरकार बनने पर खुलेंगे बंद संस्थान’
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही कांग्रेस सरकार द्वारा बंद किए गए सभी संस्थानों को जनहित में दोबारा खोला जाएगा. साथ ही कांग्रेस सरकार के पांच साल के कार्यकाल में लिए गए प्रत्येक जनविरोधी फैसले की गहन समीक्षा की जाएगी. उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को बदले की भावना से काम करने के बजाय प्रदेश के विकास पर ध्यान देने की नसीहत दी. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के चुने हुए जनप्रतिनिधियों को परेशान किया जा रहा है और उनके खिलाफ दुर्भावना से एफआईआर दर्ज की जा रही हैं.
‘कर्ज लेकर भी विकास नहीं कर रही सरकार’
प्रदेश सरकार की वित्तीय नीतियों पर सवाल उठाते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार करोड़ों रुपये का कर्ज लेने के बावजूद विकास कार्य नहीं कर पा रही है. मुख्यमंत्री सरकारी हेलीकॉप्टर से घूम रहे हैं, जबकि प्रदेश की सड़कों की हालत खराब है. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इतना कर्ज लेने के बाद पैसा कहां खर्च किया जा रहा है.
उन्होंने दावा किया कि उनके पांच साल के कार्यकाल में अकेले नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में करीब 600 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए गए थे. उन्होंने मौजूदा सरकार से पूछा कि अब तक नालागढ़ में कितने विकास कार्य हुए हैं.
गारंटियों को लेकर कांग्रेस को घेरा
जयराम ठाकुर ने कांग्रेस की चुनावी गारंटियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि 22 लाख महिलाओं को 1500 रुपये मासिक देने का वादा किया गया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद इसे सीमित कर दिया गया. उन्होंने पांच लाख युवाओं को रोजगार देने की गारंटी पर भी सरकार से जवाब मांगा. उन्होंने कहा कि विधानसभा में रोजगार के आंकड़े पूछने पर सरकार की ओर से सूचना एकत्र करने का जवाब दिया जाता है.
उन्होंने 300 यूनिट मुफ्त बिजली और मुफ्त पानी की गारंटी का जिक्र करते हुए कहा कि आज उपभोक्ताओं को बिजली और पानी के भारी-भरकम बिल मिल रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश के विकास कार्यों पर विराम लगा दिया है और जनता आगामी चुनाव में इसका जवाब देगी.
हिमाचल: ‘भारत को बांग्लादेश बनाने की कोशिश’, राजीव बिंदल का इंडिया गठबंधन पर हमला

