

बिहार के कटिहार में प्रेम विवाह से नाराज युवती के परिजनों ने बेटी के जीवित रहते हुए ही उसका अंतिम संस्कार कर पिंडदान कर दिया.
बिहार के कटिहार में प्रेम विवाह से नाराज युवती के परिजनों ने बेटी के जीवित रहते हुए ही उसका अंतिम संस्कार कर पिंडदान कर दिया. मामला कटिहार के कदवा थाना क्षेत्र के निझरा गांव का है. निझरा गांव निवासी श्याम ठाकुर की पुत्री सेजल कुमारी ने 23 अक्टूबर 2026 को कदवा थाना क्षेत्र के पहलागढ़ निवासी अजय पासवान के साथ घर से भागकर प्रेम विवाह कर लिया. प्रेमी दूसरी जाति से होने के कारण युवती के परिजन इस रिश्ते से नाराज हैं.
प्रेमी जोड़े का वीडियो वायरल
बताया जा रहा है कि शादी के बाद परिजनों की ओर से युवती पर दबाव बनाया गया. इसके बाद प्रेमी जोड़े ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. वायरल वीडियो में शादी के जोड़े में सजी सेजल कुमारी अपने पति अजय पासवान के साथ खड़ी नजर आ रही है. वीडियो में वह कह रही है कि उसने अपनी मर्जी से शादी की है. उसने अपने घरवालों को पहले ही इस संबंध की जानकारी दे दी थी, लेकिन परिवार के लोग इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे. इसके बाद उसने अपनी इच्छा से अजय पासवान से विवाह कर लिया. उसने यह भी कहा कि उस पर किसी प्रकार का दबाव नहीं है और उसने जो भी फैसला लिया है, वह अपनी मर्जी से लिया है.
जिंदा बेटी का अंतिम संस्कार
वहीं, वीडियो वायरल होने के बाद युवती के परिजन और अधिक नाराज हो गए. बेटी के इस रिश्ते को स्वीकार न करते हुए पिता ने परिवार के अन्य सदस्यों की सहमति से जिंदा
बेटी का अंतिम संस्कार कर उसका पिंडदान कर दिया. पिता श्याम ठाकुर का कहना है कि उनकी बेटी सेजल कुमारी ने प्रेम विवाह कर समाज में उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाई है. अब उनकी बेटी का उनसे कोई संबंध नहीं है. उन्होंने कहा कि उनकी बेटी उनके परिवार के लिए मर चुकी है, इसलिए उन्होंने उसका अंतिम संस्कार कर पिंडदान कर दिया. अब उनका बेटी से किसी भी प्रकार का कोई रिश्ता नहीं है.
यह भी पढ़ें- इकलौती बेटी प्रेमी संग भागी, सदमे से मां की मौत, पत्नी की तेहरवीं पर जिंदा बेटी का भी किया पिंडदान
पूरी स्टोरी पढ़ें





