
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के आनी उपमंडल में शुक्रवार (31 जुलाई) को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. रानाबाग-देओरी सड़क पर पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने के चलते एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी. हादसे में कार सवार डॉक्टर और उनकी पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी नाबालिग बेटी घायल हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है.
जानकारी के मुताबिक, कार (HP 92 A 4300) रानाबाग से देओरी की ओर जा रही थी. इसी दौरान पहाड़ी से अचानक बड़े पत्थर सड़क पर आ गिरे. पत्थरों की चपेट में आने से चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख पाया और वाहन गहरी खाई में लुढ़क गया. हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
हिमाचल लैंडस्लाइड: किन्नौर से टूटा संपर्क, NH-5 पूरी तरह बंद
डॉक्टर दंपती की मौके पर मौत
हादसे में रामपुर के एक निजी अस्पताल में कार्यरत डॉक्टर बृज लाल और उनकी पत्नी सुनीता की मौके पर ही मौत हो गई. उनकी बेटी भव्या इस दुर्घटना में घायल हो गई. उसे स्थानीय लोगों और राहत दल की मदद से बाहर निकाला गया और प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है.
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए. काफी मशक्कत के बाद कार तक पहुंचकर बचाव अभियान चलाया गया. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. मामले में केस दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है.
हिमाचल: धर्मशाला BJP विधायक पर FIR, आय से अधिक संपत्ति के आरोप
बारिश के बीच सावधानी बरतने की अपील
प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के चलते कई इलाकों में भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि पहाड़ी सड़कों पर यात्रा करते समय पूरी सतर्कता बरतें और खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचें. अधिकारियों का कहना है कि बारिश के दौरान पहाड़ी रास्तों पर अचानक पत्थर गिरने का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है.