

शाम की चाय हो और साथ में गरमा-गरम खस्ता समोसे मिल जाएं, तो मजा ही कुछ और होता है. बच्चों से लेकर बड़ों तक समोसा लगभग हर किसी की पसंदीदा स्नैक लिस्ट में शामिल रहता है. हालांकि, कड़ाही में डीप फ्राई होने के कारण कई लोग ज्यादा तेल वाले समोसों से दूरी बना लेते हैं. अगर आप भी कम तेल में बाजार जैसे कुरकुरे समोसे बनाना चाहते हैं, तो यह आसान कुकर रेसिपी आपके लिए है. इस समोसे की सबसे अच्छी बात ये है कि आपको इन समोसों को बनाने के लिए आपको ओवन की जरूरत नहीं पड़ेगी. सिंपल से प्रेशर कुकर की मदद से ही आप घर पर स्वादिष्ट और खस्ता समोसे तैयार कर सकते हैं. आलू, मटर और पनीर की मसालेदार स्टफिंग इनका स्वाद और भी बढ़ा देती है. यूट्यूब की मशहूर फूड क्रिएटर NishaMadhulika ने अपने चैनल पर इस रेसिपी को शेयर की है. यहां जानते हैं पूरी रेसिपी-
वीडियो में देखें रेसिपी…
डो के लिए सामग्री
- मैदा – 1.5 कप
- नमक – स्वादानुसार
- बेकिंग पाउडर – 1/2 छोटा चम्मच
- तेल – 1/2 कप
- पानी – जरूरत अनुसार
स्टफिंग के लिए सामान
- उबले हुए आलू – 3 से 4
- कद्दूकस किया हुआ पनीर – 50 ग्राम
- मटर – 1/2 कप
- अदरक बारीक कटी हुई – 1 छोटा चम्मच
- मिर्च बारीक कटी हुई – 2 हरी
- जीरा पाउडर – 1 छोटा चम्मच
- धनिया पाउडर – 1 छोटा चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर – 1 छोटा चम्मच
- अमचूर पाउडर – 1/2 छोटा चम्मच
- गरम मसाला – 1/2 छोटा चम्मच
- चाट मसाला – 1 छोटा चम्मच
- हरा धनिया
- नमक स्वादानुसार
डो तैयार करने का तरीका
एक बड़े बाउल में मैदा, नमक और बेकिंग पाउडर मिलाएं. इसमें तेल डालकर अच्छी तरह मिक्स करें. अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए सख्त आटा गूंथ लें. आटे को 15 से 20 मिनट के लिए ढककर रख दें.
ऐसे बनाएं चटपटी स्टफिंग
पैन में एक चम्मच तेल गर्म करें. इसमें अदरक, हरी मिर्च, जीरा पाउडर और धनिया पाउडर डालकर हल्का भून लें. अब मटर, मैश किए हुए आलू, पनीर, लाल मिर्च, अमचूर, गरम मसाला और नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं. आखिर में हरा धनिया डालकर मिश्रण को 2 से 3 मिनट तक भून लें.
कुकर में ऐसे तैयार करें खस्ता समोसे
आटे की छोटी लोइयां बनाकर पूड़ी की तरह बेल लें. बीच से काटकर कोन बनाएं और उसमें तैयार स्टफिंग भर दें. किनारों पर पानी लगाकर अच्छी तरह सील कर दें. अब कुकर के तले में नमक की मोटी परत बिछाएं और ऊपर जाली वाला स्टैंड रखें. तैयार समोसों को स्टैंड पर रखकर कुकर का ढक्कन बंद कर दें. सीटी और रबर निकाल दें. मध्यम आंच पर 10 से 15 मिनट तक पकाएं. जब समोसे सुनहरे और कुरकुरे हो जाएं तो बाहर निकाल लें. गरमा-गरम खस्ता समोसों को हरी चटनी, इमली की मीठी चटनी और चाय के साथ सर्व करें.
ये भी पढ़ें – ना आलू भरने की झंझट, ना बेलने में परेशानी, बनाएं आसान तरीके से आलू के पराठे





