खबर

निशा भगत आत्महत्या मामले की CBI करेगी जांच, BJP के लगातार आंदोलन के बाद CM हेमंत सोरेन का बड़ा ऐलान | Jharkhand Government Orders Cbi Probe Into Tribal Leader Nisha Bhagat Suicide Case



आदिवासी नेता निशा भगत की आत्महत्या के मामले में झारखंड सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि इस मामले की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) करेगी. निशा भगत की मौत के बाद से ही झारखंड की राजनीति में यह मामला लगातार सुर्खियों में रहा है. भारतीय जनता पार्टी (BJP) इस मामले को लेकर लगातार आंदोलन कर रही थी और राज्य सरकार पर गंभीर सवाल उठाते हुए सीबीआई जांच की मांग कर रही थी.

बीजेपी का आरोप था कि निशा भगत की आत्महत्या के मामले में राज्य सरकार की विफलता और प्रशासनिक भूमिका की भी जांच होनी चाहिए. पार्टी नेताओं का कहना था कि यह मामला बेहद गंभीर है, क्योंकि आत्महत्या से पहले निशा भगत ने एक वीडियो बनाया था, जिसमें उन्होंने कई लोगों के नाम लिए थे. ऐसे में वीडियो में सामने आए नामों, आरोपों और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच जरूरी है.

बीजेपी ने सीबीआई जांच की मांग की थी

बीजेपी लगातार इस मामले में सरकार को घेर रही थी. पार्टी की ओर से विरोध प्रदर्शन और मशाल जुलूस निकालकर सरकार पर दबाव बनाया जा रहा था. बीजेपी की मांग थी कि मामले की जांच किसी स्वतंत्र केंद्रीय एजेंसी से कराई जाए, ताकि निशा भगत की मौत के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आ सके और जिम्मेदार लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सके.

अब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के सीबीआई जांच के ऐलान के बाद इस मामले में एक नया मोड़ आ गया है. सीबीआई जांच से यह उम्मीद की जा रही है कि निशा भगत की आत्महत्या से जुड़े सभी पहलुओं, उनके वीडियो में लिए गए नामों और लगाए गए आरोपों की पड़ताल होगी. अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और निशा भगत की मौत के लिए जिम्मेदार परिस्थितियों का खुलासा कब तक हो पाता है.

यह भी पढ़ें: निशा भगत को न्याय दिलाने सड़क पर उतरी बीजेपी, रांची में निकाला जुलुस, फेसबुक लाइव के बाद किया था सुसाइड




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button