
nVIDIA SAGA: एआई चिप की दुनिया में सबसे बड़ा नाम nVIDIA इन दिनों ‘बद-नामी’ की वजह से चर्चा में है. इसकी वजह हैं- कंपनी के CEO जेनसेन हुआंग. जेनसेन का एक्सट्रामैरिटल अफेयर चीनी मूल की बिजनसवुमन एलिस हुआंग के साथ चल रहा था. मामला पब्लिक में आने के बाद जेनसेन ने बिना कोई एक्सक्यूज दिए माफी मांगी है. अमेरिका एलिस को चीनी जासूस बताते हुए जांच कर रहा है, जबकि nVIDIA कंपनी अपनी ओर से एक स्वतंत्र जांच करा रही है.
आज जब भी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की बात होती है, तो nVIDIA का नाम सबसे पहले सामने आता है. दुनिया की बड़ी टेक कंपनियां अपने AI मॉडल तैयार करने और उन्हें चलाने के लिए इसके चिप पर निर्भर हैं. इसके बिना दुनियाभर के डेटा सेंटर की कल्पना करना भी मुश्किल है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस कंपनी की शुरुआत किसी बड़ी टेक लैब या शानदार ऑफिस में नहीं, बल्कि अमेरिका के एक रेस्टोरेंट में हुई थी?
जिस रेस्टोरेंट में बर्तन धोए, वहीं बना कंपनी का प्लान
दिलचस्प बात ये है कि जिस रेस्टोरेंट में nVIDIA की शुरुआत का आइडिया आया, वहां कंपनी के को-फाउंडर जेनसन हुआंग कभी बर्तन धोने और टेबल साफ करने का काम करते थे. उसी जगह एक दिन वो अपने दो दोस्तों के साथ बैठे और कंप्यूटर की दुनिया बदलने का सपना देखा. आगे चलकर यही सपना दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में से एक की नींव बना.
यह भी पढ़ें | इश्क महंगा पड़ा, जेनसेन हुआंग टॉप-10 अरबपतियों की लिस्ट से बाहर, 6 बिलियन डॉलर साफ, अब इतनी रह गई संपत्ति
ये कहानी है, साल 1993 की. अमेरिका के कैलिफोर्निया में Denny’s नाम के रेस्टोरेंट में तीन इंजीनियर मिले. ये थे जेनसन हुआंग, क्रिस मालाचोव्स्की और कर्टिस प्रीम.
तीनों कंप्यूटर चिप और टेक्नोलॉजी की दुनिया को समझते थे. वे चर्चा कर रहे थे कि कंप्यूटर पर ग्राफिक्स को और बेहतर कैसे बनाया जाए. उस समय कंप्यूटर गेमिंग और 3D ग्राफिक्स का बाजार तेजी से बढ़ रहा था. ऐसे में उन्हें लगा कि कंप्यूटर को बेहतर तस्वीरें और ग्राफिक्स दिखाने के लिए नई तरह की चिप की जरूरत होगी.
फिर 5 अप्रैल 1993 को तीनों ने मिलकर nVIDIA की नींव रखी. कंपनी के नाम की कहानी भी दिलचस्प है. शुरुआत में फाउंडर्स अपनी फाइलों और प्रोजेक्ट में NV यानी Next Version शब्द का इस्तेमाल करते थे. बाद में लैटिन शब्द INVIDIA से प्रेरित होकर कंपनी का नाम nVIDIA रखा गया.

पहला प्रोडक्ट नहीं चला, कंपनी पर बंद होने का खतरा
कंपनी बनाना एक बात थी, लेकिन बाजार में अपनी जगह बनाना दूसरी. nVIDIA ने 1995 में अपना पहला प्रोडक्ट NV1 लॉन्च किया. संस्थापकों को इससे काफी उम्मीदें थीं, लेकिन बाजार ने इसे वैसी प्रतिक्रिया नहीं दी, जैसी कंपनी चाहती थी.
कंपनी ने अपनी रणनीति बदली और 1997 में RIVA 128 लॉन्च किया. इस प्रोडक्ट ने nVIDIA को नई पहचान दिलाई. इसके बाद 1999 में कंपनी ने GeForce 256 पेश किया. nVIDIA ने इसे दुनिया का पहला GPU यानी Graphics Processing Unit बताया.
ये कंप्यूटर ग्राफिक्स की दुनिया में एक अहम बदलाव था. अब ग्राफिक्स से जुड़े मुश्किल कामों को संभालने के लिए कंप्यूटर के पास एक खास प्रोसेसिंग यूनिट थी.
यह भी पढ़ें | एलिस हुआंग की जेनसेन से मुलाकात और फिर धड़ाधड़ डील पर डील, 5 बिलियन डॉलर तो एक कंपनी ने दे दिए
गेमिंग चिप से AI की दुनिया तक कैसे पहुंची nVIDIA?
शुरुआत में nVIDIA का फोकस गेमिंग और 3D ग्राफिक्स पर था. लेकिन कंपनी ने जल्द समझ लिया कि GPU की ताकत का इस्तेमाल सिर्फ गेम खेलने या बेहतर तस्वीरें दिखाने तक सीमित नहीं है.
सवाल था- क्या GPU से वैज्ञानिक रिसर्च और दूसरी जटिल कंप्यूटिंग समस्याओं को भी हल किया जा सकता है?
इसी सोच के साथ 2006 में nVIDIA ने CUDA टेक्नोलॉजी पेश की. इससे डेवलपर्स और रिसर्चर्स GPU की प्रोसेसिंग क्षमता का इस्तेमाल सामान्य कंप्यूटिंग और वैज्ञानिक कामों में भी कर सके.
इसके बाद 2012 में AI की दुनिया में एक ऐसी घटना हुई, जिसने nVIDIA के भविष्य की दिशा बदल दी. AlexNet नाम के AI मॉडल ने इमेज रिकग्निशन के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन किया. इस मॉडल को ट्रेन करने में nVIDIA के GPU का इस्तेमाल हुआ था.
इस सफलता ने दुनिया को दिखाया कि GPU सिर्फ गेमिंग के लिए नहीं, बल्कि मशीन लर्निंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के विकास के लिए भी बेहद उपयोगी हो सकते हैं.
धीरे-धीरे डीप लर्निंग, बड़े AI मॉडल और डेटा सेंटर के लिए nVIDIA के GPU की मांग बढ़ने लगी.

आज AI की दुनिया में क्यों है nVIDIA का दबदबा?
आज nVIDIA सिर्फ चिप बनाने वाली कंपनी नहीं है. इसने हार्डवेयर के साथ सॉफ्टवेयर और डेवलपर इकोसिस्टम भी तैयार किया है. यही वजह है कि दुनिया की बड़ी टेक कंपनियां AI मॉडल को ट्रेन करने और चलाने के लिए इसके GPU का इस्तेमाल करती हैं.
कंपनी के चिप डेटा सेंटर, सुपरकंप्यूटर, रोबोटिक्स और जनरेटिव AI जैसी तकनीकों में अहम भूमिका निभा रहे हैं.
कंपनी फिलहाल कुछ झटकों से गुजर रही है. जेनसेन हुआंग के पास भी अपनी साख बचाने की चुनौती है. दो तरह के अनुमान लगाए जा रहे हैं. पहला कि जांच के दौरान या जांच के बाद जेनसेन पर कार्रवाई हो सकती है, उन्हें कॉरपोरेट गवर्नेंस से अलग किया जा सकता है. और दूसरा अनुमान ये कि जेनसेन पर कोई बड़ी कार्रवाई नहीं होगी, क्योंकि कंपनी में वो बेहद मजबूत हैं.
यह भी पढ़ें | nVIDIA चीफ जेनसन हुआंग का हुआ तलाक तो होगा सबसे महंगा, लोरी मिल्स के हिस्से आएगी इतनी दौलत, समझिए पूरा गणित





