
इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में लिफ्ट देने के नाम पर ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक युवक को साधु के वेश में आए ठग को स्कूटी पर लिफ्ट देना भारी पड़ गया. आरोपी ने भभूति लगाने और माथे पर तिलक करने का झांसा देकर युवक के गले से सोने की चेन उतरवा ली. इसके बाद मुट्ठी में भभूति बंद कराने का नाटक कर मौके से फरार हो गया. पीड़ित की शिकायत पर लसूड़िया थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.
सिक्का स्कूल के पास मांगी लिफ्ट
लसूड़िया थाना क्षेत्र की क्लासिक टाउनशिप में रहने वाले 29 वर्षीय आदित्य जैन ई-कॉमर्स का व्यवसाय करते हैं. वह अपनी स्कूटी से घर लौट रहे थे. सिक्का स्कूल के पास सड़क किनारे साधु के पहनावे में खड़े एक व्यक्ति ने उन्हें हाथ देकर रोका और आगे तक छोड़ने के लिए लिफ्ट मांगी. आदित्य ने इंसानियत दिखाते हुए उसे अपनी स्कूटी पर बैठा लिया.
आखिरी विदाई के लिए भी नहीं मिला रास्ता, ड्रम पर शव लेकर घर पहुंचे ग्रामीण
आरोपी साधु स्कीम नंबर 136 में जंगल कैफे के पास स्कूटी से उतर गया और आदित्य को बातों में उलझा लिया. उसने आदित्य को भभूति देकर माथे पर लगाने को कहा और इसी दौरान चालाकी से उनके गले की सोने की चेन उतरवा ली. आरोपी ने चेन पर भभूति डालने का नाटक किया. इसके बाद आदित्य की मुट्ठी बंद करवाकर उसे जेब में रखने के लिए कहा.
आगे भेजकर हुआ फरार
आरोपी ने आदित्य से थोड़ा आगे जाकर वापस आने को कहा. जब आदित्य आगे जाकर अपनी जेब चेक करने लगे तो चेन गायब थी. उन्हें ठगी का एहसास हुआ और वे तुरंत पीछे लौटे, लेकिन तब तक ढोंगी साधु वहां से रफूचक्कर हो चुका था.
पीड़ित की रिपोर्ट पर लसूड़िया पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है. पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और फुटेज के आधार पर शातिर ठग की तलाश की जा रही है.
जापान में धीरेंद्र शास्त्री बोले- ‘हिंदू राष्ट्र कागजों पर नहीं…’