

सोने की कीमतों में इस हफ्ते करीब 2 फीसदी की गिरावट आई है. अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर बढ़ी चिंता और कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल का असर सोने की कीमतों पर साफ तौर पर देखने को मिला.भारत में भी हफ्ते के अंत में सोने के दाम गिए गए. हालांकि, इसी दौरान देश के जेम एंड ज्वेलरी एक्सपोर्ट में अच्छी तेजी देखने को मिली.
10 ग्राम सोना कितना सस्ता हुआ?
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन यानी IBJA के आंकड़ों के मुताबिक, 24 कैरेट सोने की कीमत शुक्रवार को ₹1,51,938 प्रति 10 ग्राम रही. पिछले शुक्रवार को यही कीमत ₹1,54,884 थी.इस हिसाब से एक हफ्ते में 10 ग्राम 24 कैरेट सोना ₹2,946 सस्ता हुआ है.
MCX पर भी सोना-चांदी धड़ाम
MCX पर भी सोने में उतार-चढ़ाव देखा गया. शुक्रवार को सोना ₹1,52,655 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ. वहीं चांदी ₹2,34,886 प्रति किलो पर रही.शुक्रवार को MCX पर सोने का 5 अक्टूबर 2026 वाला कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग ₹1,52,341 के मुकाबले ₹1,571 यानी 1.03 फीसदी गिरकर ₹1,50,770 प्रति 10 ग्राम पर खुला.बाद में इसमें कुछ सुधार आया. सुबह 9:48 बजे सोना ₹867 यानी 0.57 फीसदी की कमजोरी के साथ ₹1,51,474 पर कारोबार कर रहा था. दिन के कारोबार में सोने ने ₹1,50,695 का निचला और ₹1,51,483 का ऊपरी स्तर देखा.
चांदी भी पीछे नहीं रही. 4 दिसंबर 2026 वाला कॉन्ट्रैक्ट ₹2,530 यानी 1.08 फीसदी गिरकर ₹2,31,569 प्रति किलो पर खुला.
अमेरिका की महंगाई और क्रूड का असर
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट रही. कॉमेक्स पर सोना 1.29 फीसदी गिरकर $4,350 प्रति औंस और चांदी 1.99 फीसदी नीचे $63.63 प्रति औंस पर थी.
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और शिपिंग रूट पर हमलों के बीच WTI क्रूड $104 के पार निकल गया. पांच कारोबारी सत्रों में इसमें 9.6 फीसदी की तेजी आई है. पिछले एक महीने में क्रूड करीब 16 फीसदी चढ़ चुका है.महंगे कच्चे तेल से महंगाई बढ़ने की चिंता भी बढ़ी है. इससे अमेरिका में फेड की ब्याज दर बढ़ाने की उम्मीद मजबूत हुई और सोने पर दबाव आया.
अमेरिका के अगस्त CPI में महंगाई महीने-दर-महीने 0.4 फीसदी और साल-दर-साल 3.4 फीसदी बढ़ी. वहीं उत्पादक महंगाई 5.4 फीसदी पहुंच गई, जबकि अनुमान 5.3 फीसदी था.
डॉलर की मजबूत से सोने पर दबाव
मिडिल ईस्ट के तनाव के बीच डॉलर भी मजबूत हुआ. डॉलर इंडेक्स एक हफ्ते के हाई लेवल 99.12 पर पहुंच गया. मजबूत डॉलर आम तौर पर सोने की कीमतों पर दबाव डालता है.MCX गोल्ड के लिए ₹1,54,000-₹1,54,700 का स्तर तत्काल रेजिस्टेंस माना जा रहा है. वहीं ₹1,50,000-₹1,50,700 के बीच सपोर्ट है.
जेम-ज्वेलरी एक्सपोर्ट में 12.52% उछाल
सोने की कीमतों में गिरावट के बीच भारत के जेम एंड ज्वेलरी एक्सपोर्ट ने अच्छी रफ्तार पकड़ी है. GJEPC की रिपोर्ट के मुताबिक, अगस्त में जेम एंड ज्वेलरी का कुल निर्यात सालाना आधार पर 12.52 फीसदी बढ़कर ₹21,945.87 करोड़ हो गया.
ये भी पढ़ें- Warren Buffett: एक बेटा किसान तो दूसरा म्यूजिशियन! अरबपति पिता अपनी संपत्ति बच्चों को देने के बजाय करेंगे दान
Tata Sons का आएगा IPO? RBI के फैसले के बाद अब शेयर बाजार में लिस्टिंग का रास्ता साफ





