
ADR रिपोर्ट को लेकर बीजेपी प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर हमलावर है. इसे लेकर अब मुख्यमंत्री ने बीजेपी पर पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि ADR रिपोर्ट के बहाने उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है.
प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने कोई नई संपत्ति नहीं खरीदी है और अपनी सभी संपत्तियों का ब्यौरा पहले ही चुनावी एफिडेविट में दे चुके हैं.
‘मुख्यमंत्री की झूठ बोलने की आदत…’, CM सुक्खू पर बरसे जयराम ठाकुर
‘CM बनने के बाद नहीं बढ़ी संपत्ति’
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि जिस जमीन का जिक्र किया जा रहा है, वो उन्होंने पहले खरीदी थी. समय के साथ उसकी कीमत 12 लाख रुपये से अधिक हो गई और उसी जमीन पर उन्होंने अपना मकान बनाया, जिसकी कीमत भी स्वाभाविक रूप से बढ़ी है. उन्होंने कहा कि यह सारी जानकारी पहले से सार्वजनिक है. मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया कि ADR रिपोर्ट में उनकी शैक्षणिक योग्यता की जानकारी भी अधूरी दिखाई गई है और उसमें उनकी एमए और एलएलबी की डिग्रियों का उल्लेख नहीं है. उन्हें इसे ठीक करना चाहिए.
सुक्खू का दावा- ईमानदारी से कमाया पैसा
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि बीजेपी के पास ED और CBI जैसी एजेंसियां हैं. पहले भी उनकी जांच हो चुकी है और यदि बीजेपी चाहे, तो फिर जांच करा सकती है. उन्होंने कहा कि उन्होंने मेहनत और ईमानदारी से ही पैसा कमाया है और रिपोर्ट को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है.
इसके साथ ही मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि यदि कांग्रेस का कोई विधायक बीजेपी में जाना चाहता है, तो वो जा सकता है. कांग्रेस को केवल विचारधारा से जुड़े लोगों की जरूरत है, बिकने वालों की नहीं.
उन्होंने दावा किया कि बीजेपी के विधायक भी टिकट के लिए लगातार संपर्क करते रहते हैं, लेकिन कांग्रेस ‘पेपर लीक और चंदा चोर’ वाली बीजेपी से किसी नेता को शामिल नहीं करेगी. मुख्यमंत्री ने प्रियंका गांधी के शिक्षा मंत्री संबंधी बयान का समर्थन करते हुए कहा कि शिक्षा मंत्री ऐसा व्यक्ति होना चाहिए जिसकी अच्छी छवि हो, जो शिक्षाविद हो और जिसके कार्यकाल में पेपर लीक जैसी घटनाएं न हों.
‘गटर छाप’ पर विक्रमादित्य सिंह बोले- PM तो फ्रेंड्स कहते हैं