मध्य प्रदेश

मध्य प्रदेश: शिवपुरी के नरवर किले से 400 साल पुरानी तोप उड़ा ले गए चोर, क्रेन-ट्रक लेकर पहुंचे थे 30 बदमाश


मध्य प्रदेश के शिवपुरी से एक चौंका देने वाला मामला सामने आया है. यहां जिले की नरवर तहसील स्थित ऐतिहासिक नरवर किले से लगभग 400 वर्ष पुरानी एक तोप चोरी हो गई है. एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. इस घटना ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के संरक्षण के इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. 

पुलिस के अनुसार, यह घटना बुधवार और बृहस्पतिवार की दरमियानी रात की है. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि अज्ञात बदमाश वाहन से किले के पिछले हिस्से तक पहुंचे और वहां रखी ऐतिहासिक तोप लेकर फरार हो गए.

25-30 हथियारबंद बदमाशों ने दिया चोरी को अंजाम

जानकारी के अनुसार,  करीब 25 से 30 हथियारबंद बदमाश नरवर किले में घुसे थे और परिसर में रखी 14 ऐतिहासिक तोपों में से एक बहुमूल्य तोप को अपने साथ ले गए. ये बदमाश अपने साथ क्रेन और ट्रक जैसी लोडिंग गाड़ियां भी लेकर पहुंचे थे. बदमाशों ने किले के पीछे वाले रास्ते का इस्तेमाल किया था. 

करैरा के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (SDOP) प्रशांत शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा इसमें किसी अंतरराज्यीय या अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह की संलिप्तता की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.

Sagar: खौफनाक! बच्चे के स्कूल बैग से निकला सांप, क्लासरूम में मचा हड़कंप, टीचर ने ऐसे किया रेस्क्यू

मामले की जांच शुरू

SDOP ने कहा कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. राज्य पुरातत्व विभाग के उपनिदेशक तरुण कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि मामला अत्यंत गंभीर है. उन्होंने बताया कि वो स्वयं नरवर किले पहुंचकर निरीक्षण करेंगे तथा पुलिस के साथ समन्वय कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करेंगे, ताकि ऐतिहासिक धरोहर की बरामदगी सुनिश्चित की जा सके और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा सके.

कुल 14 ऐतिहासिक तोपें थीं

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले किले की एक तोप अपने निर्धारित स्थान से नीचे गिरी हुई मिली थी, लेकिन उसे दोबारा सुरक्षित स्थान पर नहीं रखा गया था. अब उसी स्थान से वह तोप चोरी हो गई है. अधिकारियों के अनुसार किले में पहले 14 ऐतिहासिक तोपें थीं, जिनमें से अब 13 बची हैं. पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज, संभावित मार्गों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है. चोरी गई तोप को ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

धार भोजशाला विवाद के बीच क्या आज हो सकेगी जुमे की नमाज? क्या है मौजूदा स्थिति, जानें

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button