
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन राजस्थान के सीकर स्थित विश्व प्रसिद्ध खाटूश्यामजी धाम में लाखों श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा है. भक्तों की भारी भीड़ और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने रींगस से खाटूश्यामजी तक 17 किलोमीटर लंबे मार्ग को पूरी तरह ‘नो व्हीकल जोन’ घोषित कर दिया है, जहां सिर्फ एंबुलेंस और पुलिस वाहनों के अलावा सभी गाड़ियों का प्रवेश प्रतिबंधित है. मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान के अनुसार, भीड़ नियंत्रण और समानता बनाए रखने के लिए आज VIP दर्शन व्यवस्था पूरी तरह बंद कर दी गई है. सुरक्षा के लिए 500 से अधिक पुलिसकर्मी और RAF बल तैनात हैं.
आज पूरी तरह से नो व्हीकल जोन
जन्माष्टमी और उसके बाद वीकेंड के चलते रींगस से खाटूश्याम धाम तक भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा है. सुबह से ही रींगस रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड से हजारों श्रद्धालु पैदल खाटू धाम पहुंच रहे हैं. जिला प्रशासन ने रींगस से खाटूश्यामजी तक 17 किलोमीटर लंबे मुख्य सड़क मार्ग को आज के लिए पूरी तरह नो व्हीकल जोन घोषित कर दिया है.
सिर्फ एंबुलेंस, पुलिस गाड़ी की अनुमति
इस मार्ग पर दोपहिया, चौपहिया सहित सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया गया है. केवल एम्बुलेंस और पुलिस वाहनों को ही अनुमति है. श्रद्धालुओं को पैदल ही बाबा श्याम के दर्शन के लिए जाना पड़ रहा है. श्री श्याम मंदिर कमेटी खाटूश्यामजी और जिला प्रशासन ने सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम किए हैं. मंदिर परिसर और मेले में 500 से अधिक पुलिस जवान, RAF और मंदिर के निजी सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं.

Photo Credit: IANS
आज पूरी तरह VIP दर्शन
जगह-जगह सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी की जा रही है. मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि भीड़ को देखते हुए आज VIP दर्शन व्यवस्था पूरी तरह बंद कर दी गई है. सभी भक्तों को सामान्य लाइनों से ही दर्शन करवाए जाएंगे. भक्तों की सुविधा के लिए 14 अलग-अलग लाइनों में सरल और सुगम दर्शन की व्यवस्था की गई है. साथ ही पेयजल, चिकित्सा शिविर और टेंट सिटी की भी व्यवस्था की गई है.
रात 12 बजे मनाया जाएगा जन्मोत्सव
खाटूश्यामजी मंदिर परिसर में देर शाम से प्रसिद्ध भजन गायकों द्वारा भजन संध्या का आयोजन होगा, जो देर रात तक चलेगा. इधर रींगस कस्बे में श्री सूर्य मंडल समाज सेवा समिति के तत्वावधान में गोपीनाथ राजा मंदिर के बाहर बड़ा जन्माष्टमी महोत्सव मनाया जाएगा. समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि शाम 7 बजे से रात 12 बजे तक दही मटकी फोड़, कृष्ण लीला झांकी, भजन-कीर्तन सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित होंगे. रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा.
यह भी पढे़ं-





