खबर

महाराष्ट्र में FDA की कार्रवाई, मुंबई के 9 मशहूर रेस्टोरेंट के लाइसेंस निलंबित, 1.27 करोड़ का माल जब्त | Maharashtra Food Safety Authorities Conduct Statewide Raids Seizing Food Worth Crores And Suspending Licences



महाराष्ट्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने राज्यव्यापी कार्रवाई की है. एफडीए ने विभिन्न जिलों में छापेमारी और निरीक्षण के दौरान करीब 1.27 करोड़ रुपए का खाद्य भंडार जब्त किया है. इसके अलावा 12 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं, जबकि कई खाद्य विक्रेताओं और दुकानों को कारोबार बंद करने के नोटिस जारी किए गए हैं. 

एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

एफडीए की टीम ने 17 नवंबर को दक्षिण मुंबई के 9 प्रसिद्ध रेस्टोरेंट और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया. इस दौरान कई जगहों पर गंभीर अनियमितताएं और अस्वच्छता पाई गईं. खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32(3) के तहत इन प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए.

कार्रवाई की जद में आने वाले प्रतिष्ठानों में कोलाबा का कैफे आइडियल, फोर्ट का चेतना रेस्टोरेंट, मियान कबाब्स, कफ परेड का बेरोट, चर्चगेट का नेचुरल आइसक्रीम, श्रीयोग रेस्टोरेंट, नरीमन पॉइंट का गुप्ता फ्रूट जूस सेंटर, प्रकाश डोसा और कोलाबा का सौरभ होटल्स शामिल हैं.

निरीक्षण के दौरान कहीं खुले में खाद्य पदार्थ रखे मिले तो कहीं किचन में गंदगी, खराब स्टोरेज व्यवस्था, कीड़े-मकौड़ों और चूहों की मौजूदगी जैसी गंभीर खामियां सामने आईं. कुछ प्रतिष्ठानों में कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाणपत्र और जरूरी दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं थे. लाइसेंस निलंबित रहने के दौरान इन प्रतिष्ठानों को खाद्य पदार्थों की खरीद, बिक्री और वितरण पर रोक रहेगी.

कोकण विभाग के ठाणे जिले में भी तीन प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं. इनमें पांचपाखाड़ी स्थित ब्लिंक कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड, जीबी रोड स्थित ब्रोदयामा फूड्स एलएलपी और मुंब्रा स्थित सागर स्वीट एंड बेकरी शामिल हैं.

पुणे के मावल में एफडीए ने एवेन्यू सुपरमार्ट्स लिमिटेड के यहां से 20,085 लीटर घटिया और भ्रामक लेबल वाले खाद्य तेल को जब्त किया. इसकी कीमत 50,27,893 रुपए बताई गई है. वहीं, नागपुर के वैशाली नगर में चापरे रोस्टिंग वर्क और न्यू माधव रोस्टिंग पर छापेमारी कर 25,357 किलोग्राम मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई सुपारी जब्त की गई. इसकी कीमत 75,19,654 रुपए बताई गई है.

पुणे की माणिकबाग खाऊ गली में ‘ईट राइट स्ट्रीट’ अभियान के तहत बिना लाइसेंस और अस्वच्छ परिस्थितियों में कारोबार करने वाले छह प्रतिष्ठानों को व्यवसाय बंद करने का नोटिस दिया गया है. वहीं, सोलापुर के अकलूज में मातेश्वरी कैटरर्स के यहां से एक्सपायरी और अस्वच्छ खाद्य सामग्री मिलने पर 144 किलोग्राम खाद्य पदार्थ जब्त किए गए. इसमें घी, मैदा और बेसन जैसी सामग्री शामिल है.

एफडीए ने मुंबई, पुणे, कोकण, नासिक और नागपुर में प्रतिबंधित गुटखा, पान मसाला और अन्य खाद्य पदार्थों के अवैध भंडारण के खिलाफ भी कार्रवाई की. इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है. संबंधित आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दुकानों को सील किया गया है.

यह भी पढ़ें: गुजरात में महिला हेड कांस्टेबल ने की प्रेमी ASI की हत्या, सबूत मिटाने के लिए कार में जला दी लाश





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button