मध्य प्रदेश

छिंदवाड़ा: दमुआ CHC में बड़ी लापरवाही! डिलीवरी के बाद शरीर में छोड़ दिया पैड


मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में स्थित दमुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में प्रसव के दौरान गंभीर चिकित्सा लापरवाही का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. ग्राम तुमड़ा निवासी पीड़िता शिखा यदुवंशी के पति व परिजनों के अनुसार, 11 नवंबर 2026 को सुबह करीब 7:00 बजे उन्हें दमुआ CHC में भर्ती कराया गया था, जहां दोपहर 1:04 बजे उनका सामान्य प्रसव हुआ.

आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद नर्सिंग इंचार्ज सुजाता पाटिल और नर्सिंग स्टाफ रूपाली सोमकुवर (सोनपुरे) द्वारा डिलीवरी के बाद सफाई व टांके लगाते समय लापरवाही बरती गई और प्रसूता के शरीर के अंदर कॉटन पैड व कपड़े का हिस्सा छोड़ दिया गया.

मैहर: छात्राओं से साफ कराया गया टॉयलेट, कलेक्टर के आदेश पर हेडमास्टर सस्पेंड

महिला को हुआ इंफेक्शन

इस गंभीर लापरवाही के कारण महिला को लगातार तेज पेट दर्द, पेट में कड़ापन, बुखार और शौच व यूरिन करने में भारी असुविधा होने लगी. चार दिनों तक वो असहनीय दर्द से जूझती रही. आखिरकार 14 नवंबर को बाथरूम के रास्ते पैड बाहर आने पर परिजनों को इस घटना की जानकारी हुई. इसके बाद वो महिला को परासिया के सेवादूत हॉस्पिटल (प्राची) लेकर गए, जहां सोनोग्राफी व जांच में गंभीर संक्रमण (इंफेक्शन) की पुष्टि हुई. डॉक्टरों ने इलाज के बाद दवाइयां दी हैं. परिजनों का यह भी आरोप है कि जब उन्होंने दमुआ अस्पताल के जिम्मेदारों से शिकायत की, तो उन्होंने टालमटोल रवैया अपनाया.

विवाद बढ़ने पर एक्शन

मामले के तूल पकड़ने और मीडिया में खबर आने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया. मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. अर्चना कैथवास ने वीडियो जारी कर बताया कि इस गंभीर मामले में संबंधित स्वास्थ्य कर्मचारी को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी कर ड्यूटी से हटा दिया गया है. नोटिस का जवाब मिलने पर कलेक्टर को आगे की कड़ी कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा.

उन्होंने कहा कि पीड़िता की स्थिति अब ठीक है, लेकिन इस लापरवाही से उसे भारी तकलीफ उठानी पड़ी. विभाग की प्राथमिकता मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है. वहीं, ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. सुरेश नागवंशी ने भी मामले में जांच जारी होने की बात कही है. पीड़ित परिवार अब कलेक्टर की जनसुनवाई में औपचारिक शिकायत दर्ज कराकर सख्त न्याय की मांग कर रहा है.

कटनी अस्पताल में 2 नवजातों की मौत, मृत बच्चे को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंची मां

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button