खबर

‘राम हर भारतीय के खून में बसे हैं…’ : जावेद अख्तर के बयान का बीजेपी नेता राम कदम ने किया स्वागत | javed-akhtar-remark-on-lord-ram-welcomed-by-bjp-leader-ram-kadam



मुंबई:

भगवान राम के बारे में पटकथा लेखक जावेद अख्तर के बयान का भाजपा नेता राम कदम ने स्वागत किया. उन्होंने कहा कि भगवान राम सिर्फ नाम नहीं हैं. वे भारत की आत्मा, संस्कार और संस्कृति हैं. जावेद अख्तर ने एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत की. उन्होंने राम का जिक्र करते हुए कहा कि राम सिर्फ एक व्यक्ति नहीं हैं, बल्कि आदर्श, नैतिकता और जीवन जीने का एक तरीका हैं. राम हर भारतीय के खून में हैं, चाहे उसका धर्म कुछ भी हो.

मुंबई में आईएएनएस से बातचीत में भाजपा नेता राम कदम ने कहा कि जावेद अख्तर फिल्म उद्योग में अपने आप में एक प्रतिभाशाली व्यक्ति हैं और वे अपने स्वतंत्र विचारों तथा बेबाकी से अपनी बात रखने के लिए जाने जाते हैं. मैं तहे दिल से उनका अभिवादन करता हूं और भगवान श्री राम से जुड़े सत्य को खुलकर स्वीकार करने के लिए उन्हें धन्यवाद देता हूं. भगवान श्री राम केवल एक नाम नहीं हैं, वे भारत की आत्मा, भारत के मूल्य और भारत की संस्कृति हैं. अब, जो लोग भगवान राम के नाम पर आपत्ति जताते हैं, वे अपने मन के भीतर बचे हुए रावण को निकाल दें और अपने हृदय में राम को बसाने का प्रयास करें. राम नाम का मतलब मर्यादा और न्याय है.

विदेशी दौरे पर भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयान पर राम कदम ने कहा कि राहुल गांधी भारत में हर चुनाव हार जाते हैं और चुनाव हारने के बाद वे विदेश जाकर भारत की प्रतिष्ठा से बदला लेते हैं. वे सत्ता पाने के लिए बेचैन हैं और उनके मन में सत्ता की लालसा है. अब, अगर वे अपनी इसी बेचैनी और सत्ता की लालसा के चलते भारत की छवि को दांव पर लगाते हैं या उसे धूमिल करते हैं, तो इसका समर्थन नहीं किया जा सकता.

राम कदम ने कहा कि राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप चलते हैं, आप भाजपा पर आरोप लगा सकते हैं, केंद्र सरकार पर ठीकरा फोड़ सकते हैं. लेकिन, इस देश या इस राष्ट्र को बदनाम नहीं कर सकते. ऐसा करने का कोई अधिकार नहीं है. पीएम मोदी के नेतृत्व में आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है, जल्द ही तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा.

उन्होंने कहा कि विदेश में जाकर भारत की छवि को बदनाम करना राष्ट्रद्रोह से कम नहीं है. कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब को लेकर राम कदम ने महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि बालासाहेब ठाकरे के प्रति प्रेम है तो सबसे पहले उद्धव ठाकरे को सोनिया गांधी की किताब फाड़नी चाहिए.

उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी की किताब एक आत्मकथा होनी चाहिए थी, लेकिन यह आत्मव्यथा है. एक किताब सच पर आधारित होनी चाहिए. मां भारती के लिए, देश और देश की आजादी के लिए स्वातंत्र्यवीर सावरकर ने जो कुछ सहा, उन्हें ‘काला पानी’ की सजा मिली. वहां 11 साल जेल में बिताए और बहुत कष्ट सहे. यहां तक कि रिहा होने के बाद भी, चार-पांच सालों तक अंग्रेजों ने उन पर भयानक अत्याचार किए. सोनिया गांधी को क्या इस बात की जानकारी है?

सोनिया गांधी की नागरिकता पर तंज कसते हुए राम कदम ने कहा कि सोनिया गांधी की शादी 1968 में हुई थी, फिर भी उन्हें भारतीय नागरिकता लेने में 16 साल लग गए. 16 सालों तक उन्होंने भारत की नागरिकता नहीं ली, क्योंकि इस मिट्टी से प्यार ही नहीं है.

सपा प्रमुख अखिलेश यादव को निशाने पर लेते हुए राम कदम ने कहा कि वे दोहरा मापदंड अपना रहे हैं. एक तरफ वे अयोध्या स्थित राम मंदिर में दर्शन करने की बात कर रहे हैं, दूसरी तरफ तुष्टीकरण की राजनीति के लिए रामकथा को रोकने की साजिश करते हैं. जब उनकी सरकार थी तो राम भक्तों पर गोलियां चलवाई गईं. देश में उनके विरोध के बावजूद राम कथा और शिव कथा होंगी, चुनावी हार के डर से वे कुछ भी बयान दे देते हैं.

मुंबई के दिशा सालियान केस का जिक्र करते हुए राम कदम ने कहा कि यह मामला बहुत संदिग्ध है. इस मामले में शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे का नाम एफआईआर में शामिल किया गया. उद्धव ठाकरे का जिक्र करते हुए कदम ने कहा कि वे तब सीएम थे, कानून सभी के लिए बराबर होता है. इस पूरे मामले में सही से जांच क्यों नहीं कराई गई. एक पिता जिसने अपनी बेटी खोई, वह लगातार कह रहा है कि उसे इंसाफ नहीं मिला. लेकिन, दुख की बात यह है कि यूबीटी के नेता मृतक के पिता के लिए किस तरह की भाषा का इस्तेमाल करते हैं.

IANS के इनपुट के साथ

ये भी पढ़ें : करतारपुर साहिब जाएंगे CM भगवंत मान? पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारे के दर्शन के लिए केंद्र से मांगी मंजूरी





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button