

ये तस्वीर बताने के लिए काफी है कि दुनिया का बैलेंस कैसे शिफ्ट हो रहा है.
कहते हैं तस्वीर झूठ नहीं बोलती. इस तस्वीर ने दुनिया के नये वर्ल्ड ऑर्डर को काफी हद तक स्पष्ट कर दिया. चीन अब दुनिया की सुपरपावर बन चुका है. उसकी सहमति के अब दुनिया के विवाद नहीं सुलझ सकते. ये सिर्फ इस तस्वीर की वजह से नहीं कहा जा रहा है. बल्कि इसके पीछे कुछ ठोस कारण हैं. विरोध में दावा किया जा सकता है कि चूंकि ये बैठक चीन में हुई थी, इसलिए जाहिर तौर पर चीन केंद्रीय भूमिका में दिख रहा है. तो इन 5 कारणों से समझिए इस बात में क्यों नहीं दम है?
- इस मीटिंग से ठीक पहले अमेरिकी टेक कंपनी एनवीडिया में चीन की जासूसी की बात सामने आई. ये इतना गंभीर मामला था कि कंपनी के सीईओ जेनसन हुआंग की कुर्सी तक चली गई. मामले की जांच एफबीआई कर रही है. वहीं जिस चीनी जासूस का नाम इसमें आया, वो चीनी जासूस एलिस चीन वापस चली गई. चीन ने इन आरोपों से इनकार किया, मगर ट्रंप ने भी इस मामले की लीपापोती कर दी और चीन में जिनपिंग और पुतिन से मिलने चले गए और इस मुद्दे को उठाया तक नहीं. ये चीन की ताकत स्पष्ट रुप से दिखाता है कि अमेरिका भी उससे ऐसी बात नहीं करना चाहता जिससे संबंध खराब हों.
- मीटिंग के बारे में चीन के सरकारी प्रसारक CCTV के अनुसार, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने त्रिपक्षीय बैठक के दौरान कहा कि चीन, अमेरिका और रूस को एक-दूसरे की ‘रेड लाइन’ (सीमाओं) को पार नहीं करना चाहिए, और उन्होंने आपसी सम्मान पर जोर दिया. ये बात दुनिया के सबसे ताकतवर लोगों के सामने बोलना क्या ये बताने के लिए काफी नहीं है कि चीन अब रूस और अमेरिका को सीधे चेताने की ताकत रखता है और दोनों देश इस बात को मानने पर सहमत हैं. इस बात के जरिए एक तरह से चीन ने ताइवान के मुद्दे को खास तौर पर रख दिया. चीन कई बार ताइवान को रेड लाइन बता चुका है. ऐसे में बगैर नाम लिए चीन ने खासकर ट्रंप को ये मैसेज दे दिया कि ताइवान के मसले पर दूर रहने में ही अमेरिका की भलाई है.
- चीन ने यूक्रेन और ईरान युद्ध पर इस बैठक में कोई ठोस बात नहीं होने दी. इसकी वजह लंदन के ‘टोनी ब्लेयर इंस्टीट्यूट फॉर ग्लोबल चेंज’ में सीनियर पॉलिसी एडवाइजर रूबी ओसमैन बताती हैं. उन्होंने कहा कि चीन खुद को अमेरिका और रूस से अलग तरह की महाशक्ति के रूप में पेश करना पसंद करता है. एक ऐसी महाशक्ति जो युद्धों में नहीं उलझती और छोटे देशों का पक्ष लेती है. यही वजह है कि बीजिंग की प्राथमिकता बैठक को खास मुद्दों से हटाकर व्यापक सिद्धांतों की ओर ले जाने की थी. बीजिंग खुद को एक समझदार और जिम्मेदार पक्ष के रूप में पेश करना चाहता था.
- मीटिंग में शी जिनपिंग ने गलत फैसलों को कम करने के लिए संकट के समय बातचीत और बचाव के तंत्र स्थापित करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि चीन, रूस और अमेरिका को संघर्ष में शामिल पक्षों को बातचीत की मेज पर आने और राजनीतिक व कूटनीतिक तरीकों से विवाद सुलझाने के लिए प्रोत्साहित करते रहना चाहिए. इसके जरिए चीन ने खुद को एक तीसरी ताकत के रूप में दुनिया के सामने पेश किया. साथ ही अमेरिका और रूस को एहसास कराया कि उसकी मर्जी के बगैर अब दुनिया के विवाद नहीं सुलझ सकते.
- सबसे बड़ी बात इस मीटिंग की ये रही कि ट्रंप इस मीटिंग से रूस और चीन के साथ परमाणु हथियारों पर कोई समझौता चाहते थे. मगर, चीन ने इस मसले को अटका दिया. जिनपिंग ने कहा कि परमाणु हथियारों पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए और उन्हें नष्ट कर दिया जाना चाहिए. उन्होंने एक ऐसी दुनिया बनाने का आह्वान किया जो परमाणु हथियारों से मुक्त हो, और परमाणु युद्ध को रोकने के लिए प्रयास करने पर जोर दिया. उनके हवाले से कहा गया कि परमाणु युद्ध जीता नहीं जा सकता और इसे कभी लड़ा भी नहीं जाना चाहिए. आज की तारीख में रूस के पास सबसे ज्यादा परमाणु हथियार हैं. इसके बाद अमेरिका के पास हैं. चीन के पास इन दोनों के मुकाबले बेहद कम परमाणु हथियार हैं. ऐसे में चीन के लिए किसी भी समझौते पर पहुंचना कमजोरी होती है. इससे वो अपने परमाणु हथियार नहीं बढ़ा पाता. इसलिए जिनपिंग ने परमाणु हथियारों को ही खत्म करने पर जोर देकर बात टाल दी. और ट्रंप कुछ नहीं कर पाए.
यह भी पढ़ें | रामायण के मेकर्स पर भड़के टीवी के कृष्ण, कहा- रावण इतना अच्छा था तो भगवान विष्णु के अवतार की जरूरत क्या थी?
पूरी स्टोरी पढ़ें





