

Viral Video: ‘मम्मी-पापा को फोन करके होटल बुलाओ और अभी शादी करो, वरना तुम्हारे पास गांजा रख देंगे.’ यह धमकी मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में तैनात एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा ने उस बालिग कपल को दी, जो बाबरिया रोड पर स्थित सिद्धार्थ होटल के कमरे में रेड के दौरान पकड़ा गया था. यह पूरी घटना होटल में लगे AI सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसे मंगलवार शाम होटल मालिक ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.
’25 हजार रुपये महीना मांग रहे थे अधिकारी’
होटल मालिक संजू सनोडिया ने आरोप लगाते हुए कहा, ‘कोतवाली टीआई सतीश तिवारी, एसडीओपी चंचलेश मरकाम और ट्रैफिक इंस्पेक्टर विजय बघेल मुझसे हर महीने 25-25 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी. जब ये मांग मैंने पूरी नहीं की तो अधिकारी होटल पर रेड करने पहुंच गए. इसी दौरान उन्होंने एक कपल को भी झूठे केस में फंसाने की धमकी दी जो कुछ ही समय में शादी करने की बात कबूल रहा था.’
यहां देखें पूरा वीडियो:-
मध्य प्रदेश – सिवनी जिला पुलिस एक होटल में पहुंची। वहां एक कपल मिला। लड़की ने कहा कि हम दोनों बालिग हैं, एक ही जाति से हैं। शादी करना चाहते हैं। पुलिस ने लड़की पर मोबाइल का लॉक खोलकर फैमिली को फोन मिलाने के लिए कहा। लॉक नहीं खोला तो एडिशनल SP दीपक मिश्रा ने कहा– ”इस लड़के के पास गांजा रख दो”
— Sachin Gupta (@Sachingupta) November 17, 2026
’10-10 हजार रुपये लिए, मारपीट भी की’
संचालक ने यह भी कहा कि कोतवाली टीआई और एसडीओपी को 10-10 हजार रुपए की राशि पहले दी गई थी. वहीं, होटल को किराए पर संचालित कर रहे युवक ने भी पुलिस अधिकारियों पर कुछ दिन पूर्व मारपीट किए जाने के आरोप लगाए हैं.
TI लाइन अटैच, बयान देने से बच रहे अधिकारी
इस वीडियो के वायरल होने के बाद टीआई को पुलिस लाइन से अटैच कर दिया गया है. लेकिन अधिकारी इस मामले पर बयान देने से बच रहे हैं. फिलहाल, इस संबंध में एक भाजपा नेता ने अपनी लिखित शिकायत लोकल विधायक तक पहुंचाई है, जिससे जिले की सियासत गरमा सकती है. 13 नवंबर को हुई इस रेड का वीडियो पहले ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे पुलिस की काफी बदनामी हो रही है.
ये भी पढ़ें:- ‘मिडिल क्लास इसलिए मिडिल क्लास रह जाता है’, मारवाड़ी एंटरप्रेन्योर ने बताया पीढ़ियों की अमीरी का फॉर्मूला





