
मालवा की ऐतिहासिक परंपरा हिंगोट युद्ध एक बार फिर गौतमपुरा में पूरे जोश और रोमांच के साथ देखने को मिला. दीपावली के दूसरे दिन धोक पड़वा पर तुर्रा और कलंगी दल के योद्धाओं के बीच पारंपरिक मुकाबला हुआ. शाम 5 बजे शुरू हुए इस युद्ध में जलते हिंगोट की बरसात के बीच 25 से अधिक लोग घायल हुए. इनमें मोबाइल से रील बनाने के लिए मैदान में पहुंचे 8 लोग भी शामिल हैं. हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई.
गौतमपुरा में सदियों पुरानी हिंगोट युद्ध की परंपरा इस वर्ष भी उत्साह के साथ निभाई गई. मुकाबला देखने के लिए दोपहर से ही दर्शकों का पहुंचना शुरू हो गया था. शाम तक मैदान के आसपास हजारों लोगों की भीड़ जमा हो गई. परंपरा के अनुसार, तुर्रा और कलंगी दल के योद्धाओं ने ढोल-धमाकों के साथ देवनारायण मंदिर में दर्शन किए और फिर शाम करीब 5 बजे युद्ध का आगाज हुआ. इसके बाद दोनों दलों के योद्धाओं ने एक-दूसरे पर जलते हुए हिंगोट बरसाने शुरू कर दिए.
MP के सागर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक- कार की टक्कर में 4 की मौत, 5 घायल
दोनों दलों के बीच योद्धाओं की संख्या में बड़ा अंतर
इस बार मुकाबले में दोनों दलों के बीच योद्धाओं की संख्या में बड़ा अंतर देखने को मिला. तुर्रा दल की ओर से जहां 150 से अधिक योद्धा मैदान में उतरे, वहीं कलंगी दल की तरफ शुरुआत में करीब 50 से भी कम योद्धा मौजूद थे. एक समय ऐसा भी आया जब मैदान में तुर्रा के 150 से अधिक योद्धाओं के मुकाबले कलंगी दल के केवल 10 योद्धा ही नजर आए.
युद्ध के निर्धारित अनुशासन और सुरक्षा नियमों की अनदेखी
हालांकि, इस बार कुछ युवाओं ने युद्ध के निर्धारित अनुशासन और सुरक्षा नियमों की अनदेखी भी की. कई योद्धा बिना ढाल के मैदान में उतर गए, जबकि कुछ लोग मोबाइल से वीडियो और रील बनाने के लिए युद्ध क्षेत्र के बीच तक पहुंच गए. इसके चलते उन्हें भी हिंगोट की चपेट में आकर चोटें आईं. मंच से लगातार घोषणाएं कर योद्धाओं को निर्धारित सीमा में रहने और व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत दी जाती रही.
25 से अधिक लोग घायल, रील बनाने वाले भी 8 लोग हुए चोटिल
युद्ध के दौरान जलते हिंगोट की चपेट में आने से दोनों दलों के 8 योद्धाओं के झोले जल गए, जबकि 25 से अधिक लोग घायल हुए. इनमें रील बनाने पहुंचे 8 लोग भी शामिल बताए गए हैं. सभी घायलों को सामान्य चोटें आईं और किसी की हालत गंभीर नहीं बताई गई.
आयोजन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे. तीन थाना क्षेत्रों के पुलिस बल के साथ इंदौर सहित करीब 250 पुलिस जवान तैनात रहे. नगर सुरक्षा समिति के सदस्य भी व्यवस्था संभालते नजर आए. वहीं मैदान के दोनों ओर कुल 6 एंबुलेंस तैनात की गई थीं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके.
शाम करीब 6 बजे अंधेरा होने के साथ ही मैदान में हिंगोट के धुएं का गुबार छा गया. कुछ देर तक आसमान में जलते हिंगोट की चमक दिखाई देती रही, लेकिन बाद में धुएं के कारण दर्शकों को मुकाबला देखने में परेशानी हुई. मालवा की इस अनूठी सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित बनाए रखने के लिए परंपरा के साथ अनुशासन और सुरक्षा का पालन भी बेहद जरूरी है.
MP: दिवाली में 2 परिवारों पर टूटा कहर, मकान और दुकान में आग लगने से 12 की मौत