

त्योहारी सीजन में इन दिनों 20 रुपये के नए सिक्कों को लेकर लोगों के मन में कई तरह के सवाल रहते हैं. दरअसल, कई बार दुकानदारों या आम लोगों के पास ऐसे सिक्के आ जाते हैं, जिन्हें लेने से लोग इनकार करने लगते हैं और इसकी वजह है असली और नकली का का संदेह. अगर आपके पास भी 20 रुपये के सिक्के की शुद्धता को लेकर कोई असमंजस है, तो आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है. दरअसल, देश के केंद्रीय बैंक यानी भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने नागरिकों की सुविधा के लिए कुछ ऐसे मानक और विशेषताएं तय की हैं, जिनकी मदद से आप बेहद आसानी से असली और नकली 20 रुपये के सिक्के में फर्क कर सकते हैं.
आकार और किनारा
- असली 20 रुपये के सिक्के की बनावट बेहद अनूठी होती है.
- यह सिक्का आम सिक्कों की तरह पूरी तरह से गोल नहीं होता है.
- असली सिक्के में 12 किनारे या कोण बने होते हैं.
- इसके किनारे बिल्कुल सादे और स्पष्ट होते हैं, जिसे छूकर आसानी से महसूस किया जा सकता है.
वजन और व्यास
भारतीय रिजर्व बैंक के डिजाइन मानकों के मुताबिक असली सिक्के का वजन और साइज एकदम फिक्स होता है. एक असली 20 रुपये के सिक्के का सटीक वजन 8.54 ग्राम होता है. अगर किसी सिक्के का वजन इससे बहुत कम या ज्यादा है, तो वह संदिग्ध हो सकता है. वहीं, इस सिक्के का व्यास 27 मिलीमीटर होता है.
बायोमेट्रिक बनावट
20 रुपये का यह नया सिक्का दो अलग अलग धातुओं के मिश्रण से तैयार किया जाता है. सिक्के का बाहरी हिस्सा निकल सिल्वर धातु से बनता है. वहीं, सिक्के का बीच का गोल भाग निकल ब्रास धातु का होता है. इन दोनों धातुओं का मेल इसे दो रंगों जैसे चांदी जैसा सफेद और सुनहरा लुक देता है.
डिजाइन और फिनिशिंग
सिक्के पर की गई नक्काशी उसकी असली पहचान बताती है. असली सिक्के पर अशोक स्तंभ, सत्यमेव जयते और 20 का अंक बेहद साफ, गहरे और उभरे हुए रूप में मुद्रित होता है. इसके उलट, नकली सिक्कों में ये डिजाइन और अक्षर अक्सर धुंधले, खुरदरे या कम उभरे हुए होते हैं.
यह भी पढ़्म- रेलवे स्टेशन पर अब कुली और व्हीलचेयर की होगी ऑनलाइन बुकिंग, जानें पूरी प्रक्रिया
कई बार नकली सिक्के बनाने वाले घटिया धातुओं का इस्तेमाल करते हैं और उन पर केमिकल की पॉलिश कर देते हैं. ऐसे सिक्कों को जोर से आपस में रगड़ने पर उनमें केमिकल जैसी अजीब गंध आ सकती है या उनका रंग बहुत जल्दी छूटने लगता है, जबकि असली सिक्का अपनी फिनिशिंग बरकरार रखता है.





