
मध्य प्रदेश के इंदौर के राऊ थाना क्षेत्र की साईं विहार कॉलोनी में दिवाली के दिन दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां एक पति ने चाकू से पत्नी का गला रेतकर उसकी हत्या कर दी और फिर खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.
घटना के समय दंपती के 14 साल के बेटे और 7 साल की बेटी को खेलने के लिए गार्डन भेज दिया गया था. वहीं जब बच्चे घर लौटे तो मां का शव कमरे में पड़ा था, जबकि पिता फंदे पर लटका मिला. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.
इंदौर में पराठे की दुकान चलाता था पवन
दरअसल मृतकों की पहचान पवन सोनी और उसकी पत्नी वर्षा के रूप में हुई है. पवन मूल रूप से रीवा का रहने वाला था और इंदौर में पराठे की दुकान संचालित करता था. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पत्नी की किसी अन्य युवक से बातचीत को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था.
बताया जा रहा है कि पवन ने एक दिन पहले ही अपने दोस्तों के सामने पत्नी और बच्चों की हत्या करने की साजिश की आशंका भी जाहिर की थी. घटना की सूचना मिलते ही राऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
इस मामले में पुलिस मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है. फिलहाल पुलिस पारिवारिक विवाद सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. पुलिस की टीम द्वारा घटना के पीछे का भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.
घटना को लेकर स्थानीय पुलिस के अधिकारी आसपास के लोगों और बच्चों से भी पूछताछ कर रहे हैं. साथ ही घटना को लेकर हर एंगल से छानबीन की जा रही है. पुलिस के अनुसार आरोपी ने पहले पत्नी को मौत के घाट उतारा फिर खुद फांसी लगाकार जान दे दी.
MP के सागर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक- कार की टक्कर में 4 की मौत, 5 घायल