
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से करीब 30 किलोमीटर दूर धामी के हलोग में पत्थरों का अनोखा मेला लगता है. सदियों से मनाए जा रहे इस मेले को पत्थर का मेला या खेल कहा जाता है. दीपावली से दूसरे दिन मनाए जाने वाले इस मेले में दो समुदायों के बीच पत्थरों की जमकर बरसात होती है.
जिसका नमूना सोमवार को भी धामी में देखने को मिला. जहां दोनों तरफ से पत्थरों की जमकर बरसात हुई. ये सिलसिला तब तक जारी रहा, जब तक कि एक पक्ष लहूलुहान नहीं हो गया. मेले की शुरुआत राजपरिवार के नरसिंह पूजन के साथ होती है.
यह भी पढ़ें: हिमाचल: दिवाली की रात डबल मर्डर, पटाखे चलाने पर पड़ोसी ने दंपत्ति पर चढ़ाई THAR
शाही अंदाज में पहुंचे राजा
सालों से चली आ रही इस परंपरा में सैंकड़ों की संख्या में लोग धामी चौराहे के आसपास एकत्रित हुए. धामी रियासत के राजा पूरे शाही अंदाज में मेले वाले स्थान पर पहुंचे. माना जाता है कि पहले यहां हर वर्ष भद्रकाली को नर बलि दी जाती थी. लेकिन धामी रियासत की रानी ने नर बलि को बंद करने का हुक्म दिया था और पशु बलि शुरू हुई.
खून से होता है तिलक
कालांतर में उसे भी बंद कर दिया गया और पत्थर का मेला शुरू किया गया. मेले में पत्थर से लगी चोट कर के बाद जब किसी व्यक्ति का खून निकलता है तो उसका तिलक मां भद्रकाली के चबूतरे में लगाया जाता है.
राजवंश व लोगों का दावा है कि आज तक पत्थर लगने से किसी की जान नहीं गई है. इस दौरान यदि राज परिवार में किसी की मौत हो जाती है तो पहले मेले की रस्म निभाई जाती है, उसके बाद दाह संस्कार किया जाता है.
पत्थर से कोई अनहोनी नहीं हुई
नियमों के मुताबिक एक ओर राज परिवार की तरफ से जठोली, तुनड़ू और धगोई और कटेड़ू खानदान की टोली और दूसरी तरफ से जमोगी खानदान की टोली के सदस्य ही पत्थर बरसाने के मेले भाग ले सकते हैं. बाकी लोग पत्थर मेले को देख सकते हैं, लेकिन वह पत्थर नहीं मार सकते. जिसको पत्थर से चोट लगती है उसका इलाज़ स्थानीय अस्पताल में किया जाता है, आज तक पत्थर लगने से कोई बड़ी अनहोनी नहीं हुई है.
यह भी पढ़ें: CM सुक्खू ने ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ के बच्चों संग मनाई दिवाली, बोले- ये मेरा परिवार