
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में दीपावली की सुबह आग लगने की बड़ी घटना सामने आई. मेहली क्षेत्र स्थित साईं फ्लैट बिल्डिंग में अचानक आग भड़क उठी. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते भवन की ऊपरी मंजिल पूरी तरह जलकर राख हो गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आग की चपेट में आने से लाखों रुपये का नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है.
जानकारी के मुताबिक, दीपावली की सुबह साईं फ्लैट बिल्डिंग में अचानक आग लग गई. कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और भवन की ऊपरी मंजिल को अपनी चपेट में ले लिया. आग की लपटें देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया. घटना की सूचना तुरंत अग्निशमन विभाग को दी गई. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया.
BBMB के बकाये पर हिमाचल की जीत, SC का फैसले पर CM सुक्खू ने पूर्व सरकार को घेरा
दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
आग की गंभीरता को देखते हुए अग्निशमन विभाग की टीम ने काफी देर तक मशक्कत की. दमकल कर्मियों ने लगातार प्रयास करते हुए आग को फैलने से रोकने और उस पर काबू पाने की कोशिश की. काफी मेहनत के बाद आग बुझाने में सफलता मिली. हालांकि, तब तक भवन की ऊपरी मंजिल बुरी तरह जल चुकी थी.
शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है. हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा.
सेवानिवृत्त सेशन जज का बताया जा रहा मकान
जानकारी के मुताबिक, यह भवन सेवानिवृत्त सेशन जज जेके चौहान का बताया जा रहा है. आग की इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है. फिलहाल संबंधित अधिकारी नुकसान का आकलन कर रहे हैं. फायरमैन कुलदीप कुमार ने भी भवन में आग लगने की पुष्टि की है. घटना को लेकर जांच जारी है.
BBMB मामले में हिमाचल की SC में बड़ी जीत, जयराम ठाकुर बोले- श्रेय की राजनीति कर रहे सुक्खू