मध्य प्रदेश

उज्जैन मस्जिद मामले में DM और शहर काजी ने की अपील, कहा- अफवाहों में…


मध्य प्रदेश स्थित उज्जैन में शाही मस्जिद का एक हिस्सा तोड़े जाने के मामले में अब डीएम रोशन सिंह और शहर काजी का बयान आया है. दोनों ने लोगों से किसी भी तरह के अफवाह में न आने की अपील की है.

उज्जैन कलेक्टर रोशन सिंह ने कहा कि छत्री चौक स्थित शाही मस्जिद का एक हिस्सा समाज के लोगों द्वारा स्वतः हटाया जा रहा है. वर्ष 2028 में उज्जैन में सिंहस्थ महाकुंभ का आयोजन होना है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है. श्रद्धालुओं की सुविधा और बेहतर व्यवस्थाओं के लिए मास्टर प्लान के अनुरूप सड़कों के चौड़ीकरण एवं अन्य निर्माण कार्य किए जा रहे हैं. इन विकास कार्यों में सभी धर्मों और समाजों के लोग स्वेच्छा से सहयोग कर रहे हैं.

डीएम ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाले मकान, दुकानें और धर्मस्थल आदि को संबंधित समाजजनों द्वारा स्वेच्छा से हटाया जा रहा है. इसी क्रम में छत्री चौक स्थित शाही मस्जिद का एक हिस्सा भी समाजजनों द्वारा स्वतः हटाया जा रहा है. यह सभी समाजों के सहयोग और समन्वय की सकारात्मक मिसाल है. कलेक्टर ने सभी से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और शांति एवं सद्भाव बनाए रखें. सिंहस्थ की तैयारियों में सभी का सहयोग और सहभागिता उज्जैन की एकता और भाईचारे को मजबूत करेगी.

उज्जैन शहर काजी खली कुर्रे रहमान ने भी लोगों से अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की. उन्होंने कहा कि मस्जिद का मामला रात में ही आपसी सहमति से सुलझ गया था. ऐसी कोई स्थिति नहीं है, जिसके लिए किसी को वहां जाने की आवश्यकता हो. जिस कार्य को पूरा करने का संकल्प लिया गया है, उसे पूरा किया जा रहा है. उन्होंने सभी से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और अफवाहों के कारण घर से बाहर निकलकर अनावश्यक रूप से मौके पर न जाएं.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button