
मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है. इसी क्रम में प्रशासन वहां बनी शाही मस्जिद का एक हिस्सा तोड़ रहा है लेकिन मुस्लिम समुदाय के हजारों लोग मस्जिद पर बुलडोजर एक्शन का विरोध करने के लिए सड़क पर आ गए हैं. उनका कहना है कि यह मस्जिद 100 साल से भी ज्यादा पुरानी है और लाखों लोगों की आस्था का केंद्र है. इसे गिराया नहीं जाना चाहिए. सुरक्षा के मद्देनजर भारी संख्या में जवानों की तैनाती की गई है. लोगों को बातचीत कर समझाने की भी कोशिश की जा रही है. मस्जिद के आसपास बड़ी संख्या में भीड़ जमा है. पुलिस से झड़प की खबरें भी सामने आ रही हैं.
जानकारी के लिए बता दें कि उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण का अभियान चल रहा है. इससे पहले इस अभियान के तहत प्राचीन हनुमान मंदिर को भी हटाया जा रहा था. वहीं, खुद मुख्यमंत्री मोहन यादव का पैतृक आवास का हिस्सा भी तोड़ा गया है. खुद सीएम मोहन यादव ने अपने मकान पर हथौड़ा चलाकर कार्रवाई की शुरुआत की थी.
उज्जैन: सड़क चौड़ीकरण में टूटा मोहन यादव का पैतृक आवास, CM ने खुद चलाया हथौड़ा
रातभर चली प्रशासन और प्रदर्शनकारियों में बातचीत
दरअसल, उज्जैन प्रशासन बीते एक महीने से शाही मस्जिद के आगे का हिस्सा हटाने की कोशिश कर रहा है. दूसरी ओर, मस्जिद से जुड़े लोग लगातार एक महीने से इसका विरोध कर रहे हैं. दो दिन पहले भी इसी मस्जिद के बाहर धरना दिया गया था. इसके बाद रविवार की देर रात भी बड़ी संख्या में लोग जुटे और धरना प्रदर्शन किया. प्रशासन की लोगों से रातभर बातचीत चली. कई बातों पर सहमति भी जताई गई है.
शहर काज़ी ने बताया है कि उनकी प्रशासन से पूरी तरह से बात हो गई है और सहमति बन गई है. सब लोग एकमत होकर मस्जिद का हिस्सा हटाने के लिए तैयार हो गए थे. हालांकि, हर कुछ समय में परिस्थितियां बदल रही हैं और लोग विरोध कर रहे हैं.
11 फीट तोड़ा जाना है शाही मस्जिद का हिस्सा
उज्जैन में 40 किलोमीटर का सड़क चौड़ीकरण अभियान चल रहा है जिसमें करीब 47 सड़कों पर काम चल रहा है. अब तक कुल 25 किलोमीटर की सड़क चौड़ी हो चुकी है. गोपाल मंदिर के एरिया को करीब 15 मीटर चौड़ा किया जाना है. इसी 15 मीटर के दायरे में यह शाही मस्जिद आ रही है. इसके दो हिस्से लगभग 11-11 फीट तोड़े जाने हैं.
नगर निगम की टीम हटने के बाद ही हटेंगे लोग
पहले खड़े हनुमान जी मंदिर और अब शाही मस्जिद हटाने की कार्रवाई के बीच लोगों का कहना है कि प्रशासन चौड़ीकरण अभियान चलाए लेकिन किसी भी धार्मिक स्थल को न हटाए. लोग 15 दिन से मस्जिद के पास डटे हुए हैं और उनका कहना है कि जब तक पुलिस, प्रशासन और नगर निगम की टीम यहां से नहीं हटती है, वो भी नहीं हटेंगे.
Ujjain Masjid Live: उज्जैन में हाईकोर्ट की सुनवाई से पहले शाही मस्जिद पर भारी बवाल, जमकर पत्थरबाजी