
दिल्ली से उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल हरिद्वार और ऋषिकेश का सफर आसान होने वाला है. NHAI हरिद्वार में दो बड़े रोड प्रोजेक्ट पर तेजी से काम कर रहा है. अगले साल होने वाले अर्धकुंभ-2027 से पहले ये प्रोजेक्ट पूरे हो सकते हैं. इन प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद हरिद्वार से देहरादून का सफर सुपर फास्ट हो जाएगा. इसके अलावा दिल्ली-एनसीआर से ऋषिकेश जाने वाले यात्रियों को भी बड़ी राहत मिलेगी. अभी जहां हरिद्वार शहर में ट्रैफिक में वाहन फंसते हैं, वहीं ये प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद हरिद्वार शहर का ट्रैफिक 15 मिनट में पार होगा. आखिर NHAI का प्रोजेक्ट क्या है और ये कहां तक पहुंचा? आइए बताते हैं.
हरिद्वार बाईपास का काम अंतिम दौर में
NHAI हरिद्वार के ट्रैफिक को कम करने के लिए बाईपास बना रहा है. यह प्रोजेक्ट अपने अंतिम दौर में पहुंच चुका है. यह 15.1 किलोमीटर लंबा 4-लेन वाला एक शानदार ‘ग्रीनफील्ड बाईपास’ है. रिपोर्ट्स के अनुसार इसका करीब 80 फीसदी काम पूरा हो गया है. अर्धकुंभ से पहले इसे खोला जा सकता है. केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के अनुसार, इसके प्रथम चरण (Phase-1) को अक्टूबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.

कहां से कहां तक बन रहा है यह नया बाईपास?
करीब 861 रुपये करोड़ की भारी-भरकम लागत से बन रहा यह बाईपास हरिद्वार के बाहरी हिस्से से ट्रैफिक को पूरी तरह डायवर्ट कर देगा. यह बाईपास बहादराबाद से प्रारंभ होकर एनएच-34 पर चंडी देवी मंदिर के निकट समाप्त होगा. इसके शुरू होने के बाद हर की पैड़ी, चंडी चौक, शंकराचार्य चौक सहित शहर के भीतरी हिस्सों में ट्रैफिक कम हो जाएगा.
क्या होगा फायदा?
अब दिल्ली-NCR से आने वाले वाहनों को हरिद्वार शहर के बेहद बिजी ट्रैफिक जैसे बहादराबाद, ज्वालापुर और हर की पैड़ी के पास होने वाले जाम से नहीं जूझना होगा. वाहन बिना शहर में दाखिल हुए महज 10 से 15 मिनट में सीधे ऋषिकेश की ओर निकल सकेंगे. इस बाईपास के जरिए दिल्ली-एनसीआर से आने वाले लोग न ऋषिकेश के साथ-साथ मुजफ्फरनगर से सीधे नजीबाबाद और कुमाऊं की तरफ भी बिना शहर में फंसे जा सकेंगे.

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से भी जुड़ेगा?
हरिद्वार बाईपास को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से भी जोड़ा जा रहा है. इसके लिए लिंक रोड यानी स्पर बनाया जा रहा है. इस लिंक रोड का काम भी अपने चरण में पहुंच गया है. इस प्रोजेक्ट के अंतर्गत अब तक 46 किलोमीटर छह-लेन मार्ग का निर्माण पूरा किया जा चुका है. यह दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे को हरिद्वार से जोड़ते हुए हलगोया मुस्तकम से प्रारंभ होकर भड़ेड़ी राजपूताना स्थित मौजूदा नेशनल हाइवे-58 तक पहुंचेगा. प्रोजेक्ट के पूरे होने से दिल्ली, मेरठ, सहारनपुर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश से हरिद्वार आने वाले लोगों को सीधा फायदा होगा.
इसके अलावा, हरिद्वार–मुजफ्फरनगर नेशनल हाइवे पर पुरकाजी, फलौदा, मंगलौर, बहादराबाद और ज्वालापुर जैसे भीड़भाड़ वाले जंक्शनों पर फ्लाईओवर, व्हीक्युलर अंडरपास (वीयूपी) और सर्विस रोड का निर्माण भी किया जा रहा है. NHAI मुजफ्फरनगर–नेपाली फार्म फोर-लेन नेशनल हाइवे पहले से ही संचालन में है, जो हरिद्वार, ऋषिकेश और चारधाम की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं एवं यात्रियों को बेहतर और सुगम कनेक्टिविटी प्रदान कर रहा है.
इस प्रोजेक्ट की तस्वीरें









