

आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा से बेहद खौफनाक और दरिंदगी से भरी वारदात सामने आई है. यहां एक मटन शॉप चलाने वाले शख्स ने मंगलागिरी की रहने वाली कल्याणी नाम की महिला की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी. इतना ही नहीं आरोपी ने पहचान छुपाने के लिए कल्याणी के शव के सिर, पैर और अन्य अंगों को बेरहमी से काटकर टुकड़े-टुकड़े कर दिए और उन्हें एक नहर में फेंक दिया. पुलिस ने नहर से कल्याणी का सिर और धड़ बरामद कर लिया है, जबकि एक हाथ अभी भी गायब है. इस दिल दहला देने वाले हत्याकांड का खुलासा तब हुआ जब पुलिस को नहर के पास एक बिना सिर का धड़ मिला. पुलिस ने 35 साल के आरोपी मटन विक्रेता मोहम्मद शफी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका एक साथी अभी भी फरार है.
नहर में तैरता मिला बिना सिर का धड़
इस खौफनाक हत्याकांड का खुलासा बीती 18 सितंबर को हुआ, जब पुलिस को इब्राहिमपटनम में वीटीपीएस (VTPS) कूलिंग कनाल (नहर) के पास एक बिना सिर का महिला का धड़ तैरता हुआ मिला. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए अगले ही दिन पुलिस ने ड्रोन कैमरों और एनडीआरएफ (NDRF) की टीमों की मदद से नहर में बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया. इस सघन तलाशी के दौरान पुलिस ने नहर से पीड़िता का सिर, पैर और शरीर के अन्य हिस्से बरामद कर लिए, लेकिन उसका एक हाथ काफी ढूंढने के बाद भी नहीं मिल सका. जिसके बाद शव के टुकड़ों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया.
हाथ के टैटू से हुई मृतका की पहचान
चूंकि शव पूरी तरह से क्षत-विक्षत था, इसलिए मृतका की पहचान करना पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती थी.
कल्याणी की पहचान होने के बाद तकनीकी जांच और सीसीटीवी (CCTV) फुटेज की मदद से पुलिस आखिरकार 27 सितंबर को मुख्य आरोपी मोहम्मद शफी तक पहुंचने में कामयाब रही.
पैसे और बच्चे के विवाद में कसाई ने की दरिंदगी
पुलिस की पूछताछ में जो खुलासा हुआ, वह बेहद चौंकाने वाला और भयावह था. पश्चिमी क्षेत्र के सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) एन.एस.वी.के. दुर्गा राव ने बताया कि यह हत्याकांड 17 सितंबर को भवानीपुरम में आरोपी मोहम्मद शफी के घर पर अंजाम दिया गया था.शफी ने कल्याणी को अपने घर बुलाने से पहले अपनी पत्नी और बच्चों को गुंटूर भेज दिया था ताकि वह घर में अकेला रहे. घर पर कल्याणी और शफी के बीच पैसों के लेनदेन और एक बच्चे की कस्टडी को लेकर विवाद हुआ. विवाद इतना बढ़ा कि मटन का कारोबार करने वाले शफी ने कल्याणी पर चाकू से हमला कर दिया और उसका गला रेत दिया. हत्या के बाद उसने लाश को ठिकाने लगाने के लिए मटन काटने वाले अपने औजारों से कल्याणी के शरीर के टुकड़े-टुकड़े कर दिए और उन्हें गाड़ी में लादकर गोल्लापुडी इलाके की नहर में फेंक दिया.
बच्चे और सोने के गहनों का था विवाद
एसीपी दुर्गा राव ने बताया कि कल्याणी ने अपना बच्चा शफी के परिवार को सौंप रखा था और वह इसके बदले शफी से लगातार पैसों की मांग कर रही थी. वह बार-बार 5,000 और 10,000 रुपये जैसी रकम मांगती थी. शफी ने उसे सोने के कुछ छोटे आभूषण भी खरीद कर दिए थे, लेकिन लगातार बढ़ती पैसों की मांग से तंग आकर उसने कल्याणी को रास्ते से हटाने का खौफनाक प्लान बना डाला.
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, साथी की तलाश जारी
पुलिस ने आरोपी मोहम्मद शफी को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है. इस मामले में शफी के एक दोस्त अब्दुल्ला को भी सह-आरोपी बनाया गया है, जो शव को ठिकाने लगाने में शामिल था और फिलहाल फरार है. पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. वहीं, कल्याणी का बेटा फिलहाल शफी की पत्नी के पास ही है, जिसके संरक्षण और कस्टडी को लेकर पुलिस कानूनी सलाह ले रही है और बच्चे को आईसीडीएस (ICDS) विभाग को सौंपने की प्रक्रिया चल रही है.
ये भी पढ़ें: महिला बैंक मैनेजर की बहादुरी, एटीएम लूटने आए बदमाशों को पकड़वाया





