

हिंदी सिनेमा में प्रेमी-प्रेमिका, माता-पिता और भाई-बहन सब पर कई तरह के गाने बन चुके हैं. मियां-बीवी पर भी गाने बनकर सुपरहिट हो चुके हैं. आज हम आपको ऐसे ही एक गाने के बारे में बताने वाले हैं, जो मिया-बीवी के खूबसूरत रिश्ते को बेहद ही शानदार अंदाज में दिखाता है. यह गाना 57 साल पुराना है, जिसमें बीवी की तुलना अलग-अलग तरह से की गई है. इस गाने का नाम ‘अपनी अपनी बीवी पे सबको गुरुर’ है. यह गाना 1969 की फिल्म दो रास्ते का है.
लता मंगेशकर की मिठास भरी आवाज
यह मजेदार गाना सिर्फ एक गीत नहीं, बल्कि उस दौर की कॉमेडी और हल्की-फुल्की जिंदगी का आईना है. जूनियर महमूद की नटखट अदाएं, लता मंगेशकर की मिठास भरी आवाज, लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल का धुन और आनंद बख्शी के मजेदार बोल, सबने मिलकर ‘अपनी अपनी बीवी पे सबको गुरुर’ गाने को यादगार बनाया. यह गाना लीड जोड़ी पर नहीं, बल्कि जूनियर महमूद और छोटी बच्ची पर फिल्माया गया है, जिसमें मुकरी, जॉनी वॉकर जैसे कॉमिक कलाकारों की गेस्ट अपीयरेंस है. गाने के बोल सीधे-सादे लेकिन असरदार हैं-‘अपनी अपनी बीवी पे सबको गुरूर है… जैसी भी है बीवी, शौहर के लिए हूर है.’
मराठी उपन्यास पर बनी फिल्म
फिल्म दो रास्ते का निर्देशन राज खोसला ने किया था, जिसमें राजेश खन्ना, मुमताज, बलराज साहनी, प्रेम चोपड़ा, बिंदू और असीत सेन जैसे कलाकार थे. फिल्म दो रास्ते चंद्रकांत काकोडकर के मराठी उपन्यास नीलांबरी पर आधारित थी. फिल्म 1969 की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई वाली फिल्म बनी. भारत में लगभग 6.5 करोड़ रुपये की कमाई हुई और यूके में भी यह पहली भारतीय फिल्म थी जिसने 1 लाख यूरो कमाए. यह राजेश खन्ना की लगातार हिट्स की लड़ी का हिस्सा थी.





