
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री का ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम बेहद सफल रहा है. उन्होंने कहा कि रोहड़ू के भटवाड़ी और रामपुर के काशापाट में मुख्यमंत्री के रात्रि प्रवास के दौरान लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला और कई स्थानों पर लोगों ने दिवाली जैसा जश्न मनाया.
नरेश चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री लगातार लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और विकास कार्यों पर चर्चा कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से सरकार दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच रही है और लोगों से सीधे संवाद स्थापित कर रही है.
वानिकी विश्वविद्यालयों में वीसी के फैसले को सरकार ने दी चुनौती
कृषि, बागवानी और वानिकी विश्वविद्यालयों में कुलपतियों (वीसी) की नियुक्ति को लेकर हिमाचल प्रदेश सरकार ने हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है. इस संबंध में नरेश चौहान ने कहा कि यह मामला लंबे समय से चल रहा है और सभी विश्वविद्यालयों को सरकार अनुदान (ग्रांट) प्रदान करती है.
उन्होंने कहा कि पहले भी सरकार के प्रस्ताव और राय के साथ कुलपतियों की नियुक्तियां होती रही हैं. सरकार ने हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ अपनी बात सुप्रीम कोर्ट में रखी है. चौहान ने आरोप लगाया कि कुछ विचारधारा विशेष से जुड़े लोग शैक्षणिक संस्थानों को अपने तरीके से चलाना चाहते हैं, जबकि कुलपति नियुक्ति प्रक्रिया में सरकार की राय को महत्व दिया जाना चाहिए.
वीकेंड पर शिमला में पर्यटकों की उमड़ी भीड़, सड़कों पर लंबा जाम, होटलें फुल
विपक्ष के नेता जय राम ठाकुर पर भी साधा निशाना
विपक्ष के नेता जय राम ठाकुर के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए नरेश चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार का धन्यवाद तब किया जाना चाहिए जब वह हिमाचल प्रदेश की लंबित वित्तीय देनदारियों का भुगतान करे. उन्होंने कहा कि आरडीजी (RDG) सहित कई महत्वपूर्ण मांगें केंद्र सरकार के पास लंबित हैं. यदि जय राम ठाकुर इन लंबित मांगों को पूरा करवाने में सफल होते हैं तो हिमाचल सरकार को केंद्र का धन्यवाद करने में कोई आपत्ति नहीं होगी.
हिमाचल बार काउंसिल को मिला नया चेयरमैन, IN मेहता ने संभाली जिम्मेदारी

