
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के प्रतिष्ठित डगशाई पब्लिक स्कूल में रैगिंग के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपी छात्रों को सस्पेंड कर दिया गया है. आरोपी छात्र पंजाब के रहने वाले हैं और 11वीं व 12वीं कक्षा में पढ़ते हैं. पीड़ित छात्र भी पंजाब का निवासी बताया गया है.
डगशाई पुलिस ने पीड़ित छात्र तलविंदर मानेश और अन्य की शिकायत पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस आज स्कूल पहुंचकर पांचों आरोपी छात्रों, हॉस्टल वार्डन और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ करेगी. स्कूल के प्रिंसिपल रविंद्र वोहरा के बयान भी दर्ज किए जा चुके हैं.
कंगना रनौत के व्यवहार पर नरेश चौहान भड़के, कहा- ‘भाषा का प्रयोग सही नहीं’
कमरे में ले जाकर की छात्र से मारपीट
शिकायत के अनुसार, 5 सितंबर को पांच सीनियर छात्रों ने नौवीं कक्षा के एक छात्र को हॉस्टल के कमरे में ले जाकर मारपीट की. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें एक छात्र पीड़ित को थप्पड़ मारते और अभद्र भाषा का प्रयोग करते दिखाई दे रहा है.
डगशाई पब्लिक स्कूल में रैगिंग के मामले में एसपी सोलन टीएसडी वर्मा ने कहा है कि रैगिंग को लेकर कानून में कड़े प्रावधान हैं और ऐसी घटनाओं को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. एसपी ने बताया कि पुलिस छात्रों के बयान दर्ज कर मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
5 नाबालिग छात्रों के खिलाफ केस दर्ज
इस मामले में पांच नाबालिग छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस हिमाचल प्रदेश शैक्षणिक संस्थान (रैगिंग निषेध) अधिनियम, 2009 की धारा 3 के साथ BNS की विभिन्न धाराओं के तहत जांच कर रही है. पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर को नौवीं कक्षा के एक छात्र को कथित तौर पर हॉस्टल के कमरे से जबरन बाहर खींचकर उसके साथ मारपीट की गई थी.
मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पिछले चार महीनों से सीनियर छात्र जूनियर विद्यार्थियों के साथ रैगिंग, धमकाने, मारपीट और गाली-गलौज जैसी हरकतें कर रहे थे. पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है.
Watch: ‘मुझसे अच्छी एक्टिंग तो…’, अधिकारियों पर गुस्से से लाल हुईं कंगना रनौत
