
हिमाचल प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है. पूर्व मंत्री एवं रामपुर के पूर्व विधायक सिंघी राम ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को अलविदा कह दिया है. उन्होंने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल को अपना इस्तीफा भेज दिया है.
बीजेपी में रहते हुए खुद को सहज महसूस नहीं करने की बात कहते हुए उन्होंने पार्टी से अलग होने का निर्णय लिया है. हालांकि, उन्होंने अभी तक किसी अन्य राजनीतिक दल की सदस्यता नहीं ली है, लेकिन उनके कांग्रेस में लौटने की चर्चाएं तेज हो गई हैं.
मौजूदा विधायक के निधन के बाद उपचुनाव की चर्चा
रामपुर से विधायक नन्द लाल के निधन के बाद उप चुनाव की चर्चाएं तेज हैं. इसी से जोड़कर इस्तीफे को देखा जा रहा है. सिंघी राम का राजनीतिक सफर करीब चार दशक से अधिक समय तक कांग्रेस के साथ जुड़ा रहा है. वह वर्ष 1984 से 2007 तक रामपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के विधायक रहे.
इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार में मंत्री सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं. रामपुर और प्रदेश की राजनीति में उनकी अलग पहचान रही है. सिंघी राम का कांग्रेस से जुड़ाव छात्र राजनीति के दौर से ही रहा है.
वर्ष 1975 में उन्होंने एनएसयूआई के माध्यम से राजनीतिक सफर शुरू किया था. इसके बाद वह युवा कांग्रेस में सक्रिय रहे और लंबे समय तक कांग्रेस संगठन के साथ जुड़े रहे. उनका अधिकांश राजनीतिक जीवन कांग्रेस की विचारधारा और संगठन के बीच ही बीता.
2019 में कांग्रेस छोड़ बीजेपी में हुए थे शामिल
2019 लोकसभा चुनाव के दौरान सिंघी राम कांग्रेस छोड़ बीजेपी में शामिल हुए थे. हालांकि, बाद में उन्होंने बीजेपी का दामन थाम लिया था, लेकिन अब पार्टी से इस्तीफा देने के बाद उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है. राजनीतिक गलियारों में कयास लगाए जा रहे हैं कि सिंघी राम एक बार फिर अपने पुराने राजनीतिक घर कांग्रेस में वापसी कर सकते हैं.
यदि उनकी कांग्रेस में वापसी होती है तो रामपुर विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ शिमला जिले की राजनीति में भी इसका असर देखने को मिल सकता है. फिलहाल सिंघी राम ने अपने अगले राजनीतिक कदम को लेकर कोई औपचारिक घोषणा नहीं की है. ऐसे में अब सबकी निगाहें उनके आगामी फैसले पर टिकी हैं.
हिमाचल में आज से बदलेगा मौसम, इन 5 जिलों में जारी हुआ येलो अलर्ट
