

अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में वाइट हाउस के पास फायरिंग हुई है. 5 लोगों को गोलियां लगने की खबर है. यह फायरिंग वाइट हाउस से चंद कदमों की दूरी पर ही हुई है. पुलिस ने इस मामले में बयान देकर बताया कि अब तक शूटर पकड़ा नहीं गया है. शूटिंग की सटीक लोकेशन के बारे में भी जानकारी नहीं मिली है. अब तक मिली जानकारी के अनुसार यह फायरिंग लोगान सर्कल में हुई है. फिलहाल पुलिस ने इलाके की घेरेबंदी कर ली है और जांच की जा रही है.
कैसे और क्यों हुई ये घटना
एपी की रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार को वाशिंगटन DC के लोगन सर्कल इलाके में पांच लोगों को गोली मार दी गई. इस घटना के बाद पुलिस ने बड़े पैमाने पर कार्रवाई शुरू की. यह इलाका व्हाइट हाउस से लगभग एक मील उत्तर में है.पुलिस प्रवक्ता निकोल डीनर ने बताया कि हमलावर को अभी तक पकड़ा नहीं जा सका है और गोलीबारी की सटीक जगह अभी भी स्पष्ट नहीं है. पुलिस इस इलाके में कई जगहों पर कार्रवाई कर रही थी, जिसमें 15th स्ट्रीट NW का 1500 ब्लॉक भी शामिल है. यहां अधिकारियों ने दुकानों, एक चर्च और रिहायशी इमारतों की घेराबंदी कर दी. मेट्रोपॉलिटन पुलिस डिपार्टमेंट (MPD) ने लोगों से इस इलाके से दूर रहने की अपील की, जबकि पुलिस अधिकारी घटना स्थल पर कार्रवाई कर रहे थे.
AP के अनुसार, पुलिस ने अभी तक पांचों पीड़ितों की पहचान या उनकी हालत के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है. साथ ही, यह भी स्पष्ट नहीं है कि उन्हें ठीक कहां गोली मारी गई या हिंसा की वजह क्या थी. यह गोलीबारी 15th और P स्ट्रीट NW के चौराहे के पास हुई. ‘वाशिंगटन पोस्ट’ की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस एक संदिग्ध की तलाश कर रही है और MPD के प्रवक्ता ऑफिसर ली लेपे ने इस घटना को ‘एक्टिव शूटर’ (सक्रिय हमलावर) वाली स्थिति बताया है.
9 नवंबर को क्या हुआ था
इससे पहले 9 नवंबर को अमेरिका की सत्ता के सबसे सुरक्षित ठिकाने व्हाइट हाउस के बाहर एक कार तेजी से आकर साइनपोस्ट से टकरा गई. हादसे के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिया गया और व्हाइट हाउस को कुछ समय के लिए लॉकडाउन करना पड़ा. उस वक्त राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी व्हाइट हाउस परिसर के अंदर मौजूद थे. वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस के ठीक सामने स्थित लाफायेट स्क्वायर में यह घटना हुई.प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा रिकॉर्ड किए गए वीडियो में देखा गया कि टक्कर के बाद कार से धुआं निकल रहा था. इसी बीच चालक वाहन से बाहर निकला और मौके पर मौजूद सुरक्षा बलों के साथ उसकी झड़प हो गई. बताया गया कि चालक की अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों और नेशनल गार्ड के जवानों के साथ हाथापाई हुई.
इसके तुरंत बाद अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने व्हाइट हाउस प्रेस कॉर्प्स के सदस्यों को अंदर जाने और वहीं रहने का निर्देश दिया. सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके को घेर लिया और एहतियातन व्हाइट हाउस परिसर को अस्थायी रूप से लॉकडाउन कर दिया गया.कुछ देर की कार्रवाई के बाद चालक को हिरासत में ले लिया गया. हालांकि अधिकारियों ने अभी तक उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की है. यह भी साफ नहीं हो पाया है कि कार के साइनपोस्ट से टकराने के पीछे क्या वजह थी और यह हादसा था या जानबूझकर की गई कार्रवाई.
जुलाई 2024 में एक व्यक्ति ने व्हाइट हाउस के पास सुरक्षा घेरे के बाहर संदिग्ध बैग फेंक दिया था, जिसके बाद इलाके को कुछ समय के लिए बंद कर जांच की गई थी. इससे पहले जनवरी 2023 में एक व्यक्ति किराए के ट्रक को व्हाइट हाउस के निकट सुरक्षा बैरियर से टकरा ले गया था.
यह भी पढ़ें | India-US ट्रेड डील पर बड़ी खबर, दिल्ली में अमेरिकी टीम के साथ हुई बैठक, भारतीय सामानों पर टैरिफ घटाने की मांग





