
इंदौर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र स्थित चोइथराम अस्पताल में बच्चे के इलाज के दौरान पारिवारिक विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया. मामले में शहर कांग्रेस प्रवक्ता लोकेश हार्डिया के खिलाफ पुलिस ने मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है.
बताया जा रहा है कि बच्चे के गर्म पानी से झुलसने के बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल लाया गया था. इसी दौरान बच्चे के परिजनों के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट तक पहुंच गई. मामला बढ़ने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है. पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई करने में जुट गई है.
आखिर पूरा मामला क्या है?
दरअसल सुमित हार्डिया का बेटा आराध्य नहाते समय गर्म पानी से झुलस गया था. इसके बाद सुमित अपनी पत्नी के साथ उसे उपचार के लिए चोइथराम अस्पताल लेकर पहुंचे थे. कुछ देर बाद सुमित के साले लोकेश हार्डिया भी अस्पताल पहुंच गए.
इसी दौरान सुमित के भाई अमित हार्डिया अस्पताल पहुंचे और बच्चे की मां से उसके देखभाल को लेकर सवाल करने लगे. इसी बात पर लोकेश और अमित के बीच विवाद हो गया. आरोप है कि लोकेश ने अमित के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी.
अमित हार्डिया की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया केस
अमित हार्डिया की शिकायत पर राजेंद्र नगर पुलिस ने लोकेश हार्डिया के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है. फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है.
पुलिस द्वारा दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है. वहीं अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों से भी घटना की जानकारी ली जा रही है. पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. फिलहाल यह घटना शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है.
रायसेन में जमीन के नीचे मिला 18 दांतों वाला जबड़ा, मैमथ का जीवाश्म होने की आशंका
