

भारत सरकार ने विदेशी नागरिकों के लिए वीजा सिस्टम को सरल और ज्यादा सुगम बनाने के लिए बड़ा बदलाव किया है. नए सिस्टम के तहत मुख्य वीजा कैटेगरी की संख्या 13 से घटाकर 9 और सब-कैटेगरी 49 से घटाकर 23 कर दी गई हैं. इसके साथ ही गृह मंत्रालय ने वीजा आवेदन प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए सभी 23 सब-कैटेगरी में आवेदन फॉर्म के फील्ड्स की संख्या 65 से 70 प्रतिशत तक कम कर दी है.
सरकार के अनुसार, इन बदलावों से पर्यटन, इलाज, शिक्षा, शोध और व्यापार के लिए भारत आने वाले विदेशी नागरिकों को सुविधा मिलेगी. यह संशोधन अक्टूबर 2025 में किए गए वीजा सुधारों के बाद उठाया गया अगला कदम है. सरकार ने बताया कि नया सिस्टम तैयार करने से पहले विकसित देशों की वीजा प्रणालियों और वैश्विक मानकों का अध्ययन किया गया.
सबसे बड़ा बदलाव टूरिस्ट वीजा को लेकर किया गया है. अब इसे टविजिटर वीजा’ कहा जाएगा. इस नई कैटेगरी में पर्यटन के अलावा बिजनेस मीटिंग, मेडिकल कंसल्टेशन, वेलनेस रिट्रीट, योग कार्यक्रम, भारतीय भाषा, संगीत, कला और शिल्प के अल्पकालिक कोर्स जैसी गतिविधियां भी शामिल होंगी.
विजिटर वीजा में को कैटेगरी
विजिटर वीजा को दो सब-कैटेगरी V-1 और V-2 में बांटा गया है. V-1 वीजा 30 दिनों के लिए मल्टीपल एंट्री सुविधा के साथ दिया जाएगा. वहीं V-2 वीजा लंबी अवधि की यात्राओं के लिए होगा, जिसकी वैधता पात्रता के अनुसार 1, 5 या 10 साल तक हो सकती है. इसमें पर्वतारोहण गतिविधि को भी शामिल किया गया है, जिसके लिए छह महीने का अलग मल्टीपल एंट्री प्रावधान रहेगा.
मेडिकल वीजा सिस्टम में भी बदलाव किया गया है. M-1 वीजा सामान्य चिकित्सा उपचार के लिए और M-3 वीजा आयुष आधारित इलाज के लिए होगा. दोनों कैटेगरी में एक साल की डिफॉल्ट वैधता और मल्टीपल एंट्री की सुविधा मिलेगी. मरीजों के साथ आने वाले परिजनों के लिए भी अलग कैटेगरी तय की गई हैं. सरकार का कहना है कि इससे लंबे इलाज और फॉलो-अप के लिए आने वाले विदेशी मरीजों को सुविधा मिलेगी और ‘हील इन इंडिया’ पहल को भी बढ़ावा मिलेगा.
बिजनेस वीजा भी बदला
स्टूडेंट वीजा को भी दो भागों में बांटा गया है. S-1 वीजा स्कूल, ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएट एजुकेशन के लिए होगा. S-2 वीजा PhD शोधार्थी, रिसर्चर, विजिटिंग फैकल्टी, वैज्ञानिक, इंटर्नशिप और एक्सचेंज प्रोग्राम के लिए लागू होगा. ‘Study in India’ पोर्टल के जरिए दाखिला लेने वाले विदेशी छात्रों को 5 साल तक का ई-वीजा मिल सकेगा.
बिजनेस वीजा भी बदला
बिजनेस वीजा में भी कुछ बदलाव किए गए हैं. इसकी भी दो कैटेगरी B-1 और B-2 होगी. B-1 लंबी अवधि के व्यावसायिक निवेश और बिजनेस स्थापित करने के लिए होगा, जबकि B-2 अल्पकालिक व्यावसायिक गतिविधियों, सम्मेलनों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेल आयोजनों और फिल्म शूटिंग जैसी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किया जाएगा.
सरकार ने भारतीय कंपनियों द्वारा नियुक्त विदेशी एक्सपर्ट्स, इंजीनियरों और तकनीकी कर्मियों के लिए भी विशेष प्रावधान किया है. इंस्टॉलेशन, कमीशनिंग, क्वालिटी चेक, मेंटेनेंस, आईटी ऑपरेशंस, ट्रेनिंग, सप्लाई चेन डेवलपमेंट और तकनीकी सहायता से जुड़े पेशेवरों को B-2 श्रेणी के तहत ‘प्रोडक्शन इन्वेस्टमेंट बिजनेस वीजा’ उपलब्ध कराया जाएगा.
172 देशों को मिलेगी ई-वीजा सुविधा
फिलहाल भारत 172 देशों के नागरिकों को 13 श्रेणियों के तहत ई-वीजा सुविधा प्रदान करता है. सरकार अब नए ढांचे को लागू करने के लिए अपने आईटी सिस्टम को अपडेट कर रही है. गृह मंत्रालय के मुताबिक, संशोधित व्यवस्था के तहत 2026 के अंत तक नए प्रारूप में वीजा जारी किए जाने की उम्मीद है.
नई 9 मुख्य वीजा कैटेगरी
नए ढांचे में बिजनेस, डिप्लोमैटिक, वर्क, जर्नलिस्ट, मेडिकल, ऑफिशियल, स्टूडेंट, विज़िटर और मिसलेनियस सहित कुल 9 मुख्य वीजा कैटेगरी होंगी. ‘मिसलेनियस’ कैटेगरी में भारतीय मूल के लोग, उनके परिवार, दीर्घकालिक वीजाधारकों के आश्रित, ऑरोविले फाउंडेशन से जुड़े लोग, अफगान नागरिक और पड़ोसी देशों के कुछ नागरिकों के लिए दीर्घकालिक वीजा प्रावधान शामिल किए जाएंगे.
यह भी पढ़ें | दुबई कमाने जाने वाले भारतीयों के लिए जरूरी खबर, UAE में एक गलती से बढ़ जाएगा लाखों का खर्चा





