
हिमाचल प्रदेश में पेट्रोल और हाई स्पीड डीजल खरीदने वालों को अब अपनी जेब थोड़ी और ढीली करनी पड़ेगी. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार ने पेट्रोल और हाई स्पीड डीजल पर 60 पैसे प्रति लीटर ‘अनाथ और विधवा सेस’ लगाने का फैसला किया है. राज्य सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक यह नया सेस 11 अगस्त की आधी रात से लागू हो जाएगा.
राज्य कर एवं आबकारी विभाग की ओर से जारी नोटिफिकेशन में साफ कहा गया है कि हिमाचल प्रदेश में पेट्रोल और हाई स्पीड डीजल की पहली बिक्री के समय 60 पैसे प्रति लीटर की दर से अनाथ और विधवा सेस वसूला जाएगा. सरकार ने यह फैसला हिमाचल प्रदेश वैल्यू एडेड टैक्स एक्ट, 2005 की धारा 6-A के तहत लिया है.
हिमाचल प्रदेश में कब होगा कैबिनेट विस्तार? CM सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दिया अपडेट
इसका सीधा असर पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर पड़ेगा. यानी अब पेट्रोल भरवाने पर हर लीटर के हिसाब से 60 पैसे अतिरिक्त देने होंगे. इसी तरह हाई स्पीड डीजल पर भी 60 पैसे प्रति लीटर का अतिरिक्त भार पड़ेगा.
पेट्रोल की कीमत होगी 102.50 रुपये प्रति लीटर
सेस लागू होने के बाद हिमाचल प्रदेश में पेट्रोल की कीमत 102.50 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच जाएगी. ऐसे में पहले से महंगे पेट्रोल की मार झेल रहे वाहन चालकों पर एक और छोटा लेकिन सीधा आर्थिक बोझ पड़ेगा.
कहां कितना है पेट्रोल का दाम?
हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग जिलों में पेट्रोल की कीमतों में पहले से ही अंतर है. उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक कांगड़ा में पेट्रोल 101.42 रुपये, चंबा में 102.62 रुपये, शिमला में 102.45 रुपये, सोलन में 100.97 रुपये, ऊना में 100.57 रुपये, मंडी में 101.51 रुपये और सिरमौर में 102.39 रुपये प्रति लीटर है.
मंडी-पठानकोट हाईवे पर भारी बारिश से थमी रफ्तार, गाद-मिट्टी से लगा लंबा जाम
अब इन कीमतों पर 60 पैसे प्रति लीटर का नया सेस लागू होगा. बुधवार से पेट्रोल-डीजल भरवाने पर वाहन मालिकों को पहले के मुकाबले कुछ ज्यादा भुगतान करना पड़ेगा. सरकार की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि नया प्रावधान 11 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि से प्रभावी होगा.