मध्य प्रदेश

हिमाचल: ‘इंडिया गठबंधन देश में…’, राहुल गांधी के आरोपों पर जयराम ठाकुर का निशाना


हिमाचल प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने राहुल गांधी और विपक्षी दलों द्वारा चुनाव आयोग पर लगाए जा रहे आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन देश में अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है और संवैधानिक संस्थाओं पर बेबुनियाद आरोप लगाए जा रहे हैं.

जयराम ठाकुर ने कहा कि एक ओर विपक्ष संविधान की बात करता है, वहीं दूसरी ओर संवैधानिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहा है. उन्होंने राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग को लेकर लगाए गए आरोपों को तथ्यहीन बताते हुए कहा कि आयोग पहले ही संबंधित मामलों पर अपना पक्ष स्पष्ट कर चुका है.

आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाना उचित नहीं- जयराम ठाकुर

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और चुनाव आयोग पर देश की जनता का विश्वास है. ऐसे में आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाना उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में भी कई मुख्य चुनाव आयुक्तों को सम्मानित किया गया और महत्वपूर्ण संवैधानिक पदों पर नियुक्तियां हुईं.

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने राहुल गांधी और विपक्ष द्वारा चुनाव आयोग पर लगाए जा रहे आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस को देश के चुनावी इतिहास को भी याद करना चाहिए. उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब चुनावों के दौरान बूथ लूटे जाते थे और बैलेट बॉक्स तक छीने जाते थे. राजीव गांधी की हत्या के बाद 1991 के आम चुनावों के शेष चरणों को करीब तीन सप्ताह के लिए स्थगित किया गया था. 

जयराम ठाकुर ने किया ये दावा

जयराम ठाकुर ने दावा किया कि पहले चरण में 211 सीटों पर हुए मतदान में कांग्रेस को केवल 50 सीटें मिली थीं, जबकि चुनाव स्थगित होने के बाद शेष 310 सीटों में से कांग्रेस ने 176 सीटों पर जीत दर्ज की थी. उन्होंने कहा कि आज विपक्ष चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं पर बेबुनियाद आरोप लगाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास कर रहा है. 

जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर लगाया ये आरोप

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि चुनाव में हार का ठीकरा संस्थाओं पर फोड़ना कांग्रेस की पुरानी आदत रही है, जबकि जनता का जनादेश हमेशा सर्वोपरि होता है. जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन राज्यों में लंबे समय तक कांग्रेस और अन्य दलों की सरकारें रहीं, वहां चुनावी प्रक्रिया पर कभी ऐसे आरोप नहीं लगाए गए. 

उन्होंने कहा कि अब जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार लोकतांत्रिक तरीके से सत्ता में है, तब वोट चोरी जैसे आरोप लगाए जा रहे हैं. उन्होंने शिमला में निर्वाचन आयोग कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन, बोर्ड पर कालिख पोतने और पुतला दहन की घटनाओं की भी आलोचना की. जयराम ठाकुर ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विपक्ष की निराशा और हताशा को दर्शाती हैं. 

उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में विपक्षी दलों द्वारा चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर सवाल उठाए गए हैं, जिन पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. इस मामले में बीजेपी ज्ञानेश कुमार के साथ खड़ी है जो निष्पक्ष तरीके से चुनाव करवा रहे हैं. क्योंकि हर बैठक में तीनों चुनाव आयुक्त एक साथ फैसले लेते रहे हैं. ऐसे में उन पर सवाल उठाना बाजिव नहीं है.

एशियाई खेलों के विजेताओं को मिंलेगे 5.33 करोड़, हिमाचल CM का ऐलान



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button