मध्य प्रदेश

‘पंचायत चुनाव से सहमे CM सुक्खू, खोज रहे सुरक्षित सीट’, जयराम ठाकुर का निशाना


पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पांवटा साहिब में आयोजित नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह में शामिल हुए. उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि स्थानीय निकाय और पंचायती राज के चुनाव में प्रदेशवासियों ने कमल के फूल और बीजेपी समर्थित प्रत्याशियों को भरपूर प्यार और वोट दिया है. प्रदेश में अब तक हुए 11 जिला परिषद चुनावों में से 10 में बीजेपी की जीत हुई है. पांवटा साहिब में 95% से ज्यादा बीजेपी समर्थित प्रत्याशी जीते हैं. यह प्रदेशवासियों का बीजेपी और नरेंद्र मोदी की नीति और नीयत पर भरोसा है.  

उन्होंने बीजेपी को भरपूर सहयोग देने के लिए सभी का आभार जताया. इस दौरान जयराम ठाकुर मुख्यमंत्री सुक्खू पर जमकर बरसे. उन्होंने कहा कि पंचायती राज और स्थानीय निकाय के चुनाव के परिणाम देखकर मुख्यमंत्री समेत कांग्रेस के सभी मंत्री और विधायक विचलित हैं.  

पंचायत चुनाव परिणाम से सहमे सुक्खू

इन चुनावों में अपने ही घर में बुरी तरह हारने वाले मुख्यमंत्री अपने लिए विधानसभा चुनाव में सुरक्षित सीट की तलाश कर रहे हैं. पंचायती राज में मिली करारी हार के बाद मुख्यमंत्री सुक्खू की अपनी कुर्सी भी डामाडोल हुई है. कांग्रेस के विधायक और बाकी धड़े दिल्ली जाकर हार का ठीकरा उनके सिर फोड़कर उन्हें हटाने की पूरी कोशिश भी कर रहे हैं. मुख्यमंत्री भी इस ऐतिहासिक हार के लिए अपने मंत्रियों को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं. प्रदेश के हितों के लिए काम करने की बजाय कांग्रेस के सारे धड़े दिल्ली में आए दिन अपनी जोर-आजमाइश कर रहे हैं. एक धड़ा दिल्ली से आता है तो दूसरा धड़ा दिल्ली जाता है. 

 कैबिनेट मित्र सुक्खू पर हावी

जयराम ठाकुर ने कहा कि इतनी करारी हार के बाद भी मुख्यमंत्री का मित्र मंडल मंत्रिमंडल पर हावी है. अपना गुट मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री ने कई विधायकों को मंत्री बनाने की घुट्टी पिलाई हुई है. एक विधायक को सदन से लेकर जनसभा तक में मंत्री बनाने का वादा भी कर चुके हैं और उसी वादे को याद दिलाने के लिए वो विधायक हमेशा उनके साथ घूमते नजर आते हैं कि मुख्यमंत्री को किसी तरह अपनी घोषणा याद आए और वो मंत्री बन जाए. किसी भी परिस्थिति में वो मुख्यमंत्री का साथ नहीं छोड़ते हैं.  

उन्होंने कहा कि पहली बार ऐसा हुआ है जब प्रदेश में कैबिनेट वाले मंत्रियों से ज्यादा कैबिनेट वाले मित्रों की भरमार है और मित्र मंत्री पर हावी हैं. मित्रों को मिलने वाला प्रोटोकॉल सर्वोपरि है. जनहित के बजाय मित्र हित ही सरकार की प्राथमिकता है.

सुक्खू सरकार पर जमकर बरसे पूर्व मुख्यमंत्री

जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री रहते उन्होंने पांवटा साहिब में स्थानीय विधायक और आम जनता की मांग पर अनेकों संस्थान खोले, जिससे लोगों को लाभ मिल सके. सत्ता में आते ही व्यवस्था परिवर्तन की सरकार चलाने वाले सुक्खू ने प्रदेश भर में ढाई हजार से ज्यादा संस्थान बंद कर दिए. उन्होंने कहा कि जब हमने दायित्व संभाला तो पहली ही कैबिनेट में वृद्धावस्था पेंशन के लिए आय सीमा और आयु सीमा घटाने का फैसला किया, सुक्खू की सरकार ने फैसला किया कि डेढ़ हजार से ज्यादा चल रहे स्कूल, अस्पताल, डिस्पेंसरी आदि को बंद कर देंगे.  

‘कांग्रेस विधायक चार नए काम नहीं दिखा सकते’

कांग्रेस के नेता किसी भी विधानसभा क्षेत्र में अपने किए हुए चार नए काम नहीं दिखा सकते, जबकि हम उन्हें हर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस द्वारा बंद किए गए पचासों संस्थान दिखा सकते हैं. यही बीजेपी और व्यवस्था परिवर्तन की सरकार के मॉडल में फर्क है. वो सुविधा छीनना जानते हैं और हम सुविधाएं देना. हम हिम सहारा, गृहिणी, शगुन जैसी योजनाएं चलाते हैं और सुक्खू साजिशें रचकर ऐसी सुविधाएं बंद करते हैं. 

सुक्खू को बताया साजिश रचने वाला CM

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश के लोगों ने साजिशें रचने वाले मुख्यमंत्री को पहचान लिया है.  पंचायती राज और स्थानीय निकाय के चुनावों में हुए परिणामों के माध्यम से प्रदेशवासियों ने साफ संदेश भी दे दिया है.  मुख्यमंत्री को अपनी नाकामी का एहसास पहले ही था, इसीलिए वो इन चुनाव से भाग भी रहे थे. उन्होंने चुनाव न करवाने के जितने षड्यंत्र करने थे, जितने हथकंडे अपनाने थे, सब अपना लिए थे.  

बीजेपी ने भी तय किया था कि पंचायती राज और स्थानीय निकाय के चुनाव करवा कर रहेंगे. हमने सर्वोच्च न्यायालय तक यह लड़ाई लड़ी और माननीय न्यायालय को बताया कि जब कोविड जैसी महामारी में भी पंचायती राज के चुनाव हो सकते हैं तो अब क्यों नहीं.  न्यायालय ने हमारी बात मानी और सुक्खू सरकार को 31 मई तक हर हाल में चुनाव संपन्न करवाने के निर्देश दिए.  

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button