
मध्य प्रदेश के सागर जिले में बंडा क्षेत्र के जहरीली शराब कांड को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह शनिवार को सागर पहुंचे. उन्होंने पापेट सहित प्रभावित गांवों में पहुंचकर पीड़ित परिवारों और मृतकों के परिजनों से मुलाकात की.दिग्विजय सिंह ने परिवारों से घटना की जानकारी ली और उनके हालात जाने.
दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार चल रहा था, लेकिन प्रशासन ने समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की. उन्होंने कहा कि यदि अवैध शराब के कारोबार पर पहले ही रोक लगाई जाती तो इतनी बड़ी जनहानि को टाला जा सकता था.
यह भी पढ़ें: मध्य प्रदेश के धार में शौचालय में हुई 22 बच्चों की क्लास, फोटो वायरल
मौतों के आंकड़े छिपाने का आरोप
पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रशासन पर मौतों के वास्तविक आंकड़े छिपाने का गंभीर आरोप लगाया. उन्होंने दावा किया कि इस पूरे मामले में करीब 45 लोगों की मौत हो चुकी है और जहरीली शराब कांड सामने आने से कई दिन पहले से ही क्षेत्र में मौतों का सिलसिला जारी था. हालांकि प्रशासन की ओर से अब तक सामने आए आधिकारिक आंकड़े दिग्विजय सिंह के दावे से अलग हैं.
बीएमसी पहुंचकर मरीजों से मिले
पीड़ित परिवारों से मुलाकात के बाद दिग्विजय सिंह बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) पहुंचे. यहां उन्होंने जहरीली शराब मामले में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली.
उन्होंने ‘सागर गोल्ड’ नाम की शराब को लेकर भी सवाल उठाए. दिग्विजय सिंह का आरोप है कि इसके सेवन से लोगों की मौत हुई और कुछ लोगों की आंखों की रोशनी भी प्रभावित हुई है.
बुलडोजर कार्रवाई को बताया दिखावा
दिग्विजय सिंह ने आरोपियों के अवैध निर्माणों पर हुई बुलडोजर कार्रवाई पर भी सवाल उठाए. उन्होंने इसे महज दिखावे की कार्रवाई बताते हुए मामले से जुड़े अन्य लोगों और प्रभावशाली व्यक्तियों की संपत्तियों की भी जांच की मांग की. उन्होंने पूर्व मंत्री और मंत्री से जुड़े होटल एवं बार की जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि कार्रवाई निष्पक्ष और व्यापक होनी चाहिए.
कांग्रेस ने आंदोलन की चेतावनी दी
दिग्विजय सिंह ने कहा कि पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस आगे भी आंदोलन करेगी. उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग दोहराई.
यह भी पढ़ें: सागर शराब कांड के आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर, पैर में लगी गोली
