

गया (बिहार):
बिहार के गया जिले के कोंच थाना क्षेत्र के चिचौरा गांव का एक परिवार, जो कुछ महीनों बाद बेटे की शादी की तैयारियों में जुटने वाला था, अब गहरे सदमे में है. नेपाल के पोखरा स्थित प्रसिद्ध फेवा झील में तैराकी के दौरान 28 साल के रोहित शर्मा की डूबने से मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है.
चार दोस्तों के साथ नेपाल घूमने गया था रोहित
जानकारी के अनुसार, चिचौरा गांव निवासी स्वर्गीय संजय शर्मा के बेटे रोहित शर्मा अपने चार दोस्तों के साथ नेपाल घूमने गए थे. सभी दोस्तों ने सबसे पहले पोखरा के प्रसिद्ध ताल बाराही मंदिर में दर्शन-पूजन किया. इसके बाद वे फेवा झील पहुंचे, जहां घूमने के दौरान सभी ने झील में तैरने का फैसला किया.
गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा
तैराकी के दौरान रोहित अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. उनके साथ मौजूद दोस्तों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके. घटना की सूचना मिलते ही नेपाल की आर्म्ड पुलिस फोर्स (एपीएफ) की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद रोहित को झील से बाहर निकाला. गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की.
नवंबर-दिसंबर में होनी थी शादी
परिजनों के अनुसार, रोहित शर्मा की शादी इसी साल नवंबर-दिसंबर में होने वाली थी. घर में शादी की तैयारियों को लेकर चर्चा शुरू हो चुकी थी, लेकिन इस हादसे ने परिवार की सारी खुशियां छीन लीं. रोहित के पिता संजय शर्मा का पहले ही निधन हो चुका है. मृतक दो भाई हैं. उनके बड़े भाई गुड्डू शर्मा खेती-किसानी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं.
परिवार में मचा कोहराम, गांव में पसरा मातम
हादसे की खबर जैसे ही घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया. मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पूरे चिचौरा गांव में शोक का माहौल है. ग्रामीणों ने रोहित की असमय मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की.
इसे भी पढ़ें: बिहार: शिक्षिका को MLC बनाने का दिखाया हसीन सपना, फिर किया दुष्कर्म और ऐंठ लिए लाखों रुपये





