खबर

शराब पीने से रोकने पर पत्नी का मर्डर! जांच के घेरे में पति सहित 5 आरोपी, 4 साल पहले हुई थी शादी | bihar supaul man murdered wife tried to stop drinking 4 years of merriege police investigation



सुपौल:

बिहार सुपौल जिले के भीमनगर थाना क्षेत्र में शनिवार को संदिग्ध परिस्थिति में एक 22 साल की विवाहिता की मौत हो गई. खबर फैलते ही इलाके में सनसनी जैसी स्थिति हो गई. घटना भगवानपुर पंचायत के रानीगंज वार्ड 3 की है. मृतका की पहचान रानीगंज निवासी ललन पासवान की पत्नी गुंजा देवी के रूप में हुई है. मायके वालों का आरोप है कि पति को शराब पीने से रोकने पर गुंजा का मर्डर कर दिया गया है. शराब सेवन को लेकर दोनों में अक्सर विवाद होता था.  वहीं, घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के मायके वाले बनेलीपट्टी पंचायत से घटनास्थल पर पहुंचे. परिजनों ने महिला की गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए उसके पति सहित पांच लोगों को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है.

घटना की जानकारी मिलने के बाद भीमनगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. फिलहाल महिला की मौत के पीछे की सही वजहों का अभी तक पता नहीं चल सका है.

पति सहित पांच पर आरोप

मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि गुंजा देवी की गला दबाकर हत्या की गई है. इस मामले में उन्होंने पति ललन पासवान, ससुर विद्यानंद पासवान, ननद सुमिल देवी, सोनी कुमारी और नरेश पासवान पर मिलकर हत्या करने का आरोप लगाया है. परिजनों का कहना है कि महिला की मौत सामान्य परिस्थितियों में नहीं हुई है. मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए.

परिजनों ने पति ललन पासवान की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि घटना के वक्त पति नशे की हालत में था. हालांकि, परिजनों की तरफ से लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई.

जान से मारने की धमकी देने का आरोप…

मृतका के परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार की रात ललन पासवान ने गुंजा देवी के मायके वालों को फोन कर या किसी अन्य माध्यम से जान लेने की धमकी दी थी. इसके अगले ही दिन महिला की मौत की खबर मिलने से मायके पक्ष के लोगों ने हत्या की आशंका जताई है. परिजनों ने इस घटनाक्रम को संदेह वाला बताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

बताया जा रहा है कि गुंजा देवी की शादी साल 2022 में हुई थी. उनके दो छोटे बच्चे हैं, जिनकी उम्र करीब ढाई वर्ष बताई जा रही है. मां की मौत के बाद दोनों बच्चों के भविष्य को लेकर भी परिवार के लोगों की चिंता बढ़ गई है. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

इस संबंध में भीमनगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही महिला की मौत के पीछे की असली वजहों का खुलासा हो सकेगा.

(सुपौल से अभिषेक की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें | मोकामा: राजेंद्र सेतु के बराबर डबललाइन पुल शुरू, 300 ट्रेनें बहाल, पटना-भागलपुर, पूर्णिया-कटिहार तक सफर तेज

यह भी पढ़ें | बिहार: मदरसे में मिठाई-समोसा खाने के बाद 4 छात्रा हुई बेहोश, इलाज के दौरान 10 साल की बच्ची की मौत 




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button