
इंदौर में राहुल गांधी के आज (19 सितंबर) होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले सियासत तेज हो गई है. राहुल गांधी के विरोध में शहर के कई इलाकों में ‘झूठ की गूंज’ लिखे पोस्टर लगाए गए हैं. गीता भवन, पलासिया, वर्ल्ड कप, एमआर-9, विजयनगर और भंवरकुआं समेत कई इलाकों में ये पोस्टर नजर आए. पोस्टरों पर लिखा गया है- ‘झूठ की गूंज पर होगी सत्य की विजय.’ कांग्रेस ने इन पोस्टरों को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा है, जबकि बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव ने कहा है कि ये पोस्टर देशप्रेमियों ने लगाए हैं.
दरअसल इंदौर में राहुल गांधी के दौरे से पहले शहर में पोस्टर पॉलिटिक्स देखने को मिल रही है. राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के जवाब में शहर के अलग-अलग हिस्सों में ‘झूठ की गूंज’ के पोस्टर लगाए गए हैं. गीता भवन, पलासिया, वर्ल्ड कप, एमआर-9, विजयनगर और भंवरकुआं सहित कई इलाकों में लगे इन पोस्टरों पर लिखा है- ‘झूठ की गूंज पर होगी सत्य की विजय.’
विपिन वानखेड़े का आरोप, बीजेपी ने लोकतंत्र का स्तर नीचे गिराया
पोस्टर सामने आने के बाद कांग्रेस ने बीजेपी पर हमला बोला है. जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने लोकतंत्र का स्तर नीचे गिरा दिया है और राहुल गांधी के कार्यक्रम को देखते हुए शहर में इस तरह के पोस्टर लगाए गए हैं. उनका कहना है कि हर राजनीतिक दल को अपनी बात जनता तक पहुंचाने का अधिकार है और छात्र-युवा अब अपनी आवाज उठा रहे हैं.
वहीं कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन, नगर निगम, इंदौर विकास प्राधिकरण और पुलिस के माध्यम से कई तरह की बाधाएं पैदा की गईं. अब कार्यक्रम के जवाब में ‘झूठ की गूंज’ के पोस्टर लगाए गए हैं. पोस्टर लगाए जाने की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस पार्षद राजू भदौरिया भी मौके पर पहुंचे और अपने साथियों के साथ कई पोस्टर उतारे. उन्होंने सवाल उठाया कि अगर ये पोस्टर अवैध तरीके से लगाए गए हैं तो नगर निगम की टीम को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई.
इंदौर में राहुल गांधी, छात्रों की गूंज के लिए कितनों ने कराया रजिस्ट्रेशन? कांग्रेस ने बताया
ये पोस्टर देशप्रेमियों ने लगाए हैं’- राकेश सिंह यादव
वहीं बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि ये पोस्टर देशप्रेमियों ने लगाए हैं. उनका कहना है कि राहुल गांधी के कथित झूठ सामने आ चुके हैं और इन्हीं बातों को पोस्टरों के जरिए सामने रखा गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इन पोस्टरों को उतार दिया.
इधर, राहुल गांधी आज दोपहर करीब 2 बजे इंदौर पहुंचेंगे. एयरपोर्ट से रेडिसन होटल तक अलग-अलग स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा. इसके बाद शाम करीब 6 बजे राहुल गांधी भारत जोड़ो मैदान पहुंचकर छात्रों से संवाद करेंगे. राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले पोस्टर के जरिए शुरू हुई यह सियासत अब शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है.
सिंधिया के सामने युवक ने कहा- ‘रोड नहीं बनी तो वोट नहीं देंगे’, मंत्री ने लगाई फटकार